संदिली सिंह,रायपुर,10अगस्त2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
किसानों की आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में, एक बड़ा कदम उठाते हुए,भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा,प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) और मौसम आधारित फसल बीमा योजना (WBCIS) के अंतर्गत,छत्तीसगढ़ के 1,41,879 पात्र बीमित किसानों को ₹152.84 करोड़ की दावा राशि का भुगतान किया जाएगा। यह भुगतान प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा होगा।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, खरीफ सीजन 2024 के 33,943 किसानों को ₹10.25 करोड़ और रबी सीजन 2024-25 के 1,07,936 किसानों को ₹142.58 करोड़ का दावा भुगतान किया जाएगा। यह राशि किसानों के खाते में सीधे स्थानांतरित होगी, जिससे उन्हें फसल हानि की भरपाई में त्वरित राहत मिलेगी।
🟠राष्ट्रीय स्तर पर होगा कार्यक्रम:
यह दावा भुगतान 11 अगस्त 2025 (सोमवार) को, राष्ट्रव्यापी प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण आधारित स्वचालित प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम राजस्थान के झुंझुनू में आयोजित होगा, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे।
इस मौके पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि होंगे, जबकि केंद्रीय कृषि मंत्री भागीरथ चौधरी और राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीना विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देशभर में किया जाएगा।
🟠छत्तीसगढ़ में विशेष वर्चुअल व्यवस्था:
छत्तीसगढ़ में पात्र किसानों को,वर्चुअल मोड से कार्यक्रम में शामिल करने के लिए,जिला स्तर पर उप संचालक कृषि कार्यालय और विकासखंड स्तर पर वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। इससे किसानों को न केवल भुगतान की जानकारी मिलेगी, बल्कि वे कार्यक्रम का हिस्सा भी बन सकेंगे।
🟠मुख्यमंत्री का बयान:
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा, “किसानों की आर्थिक सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना जैसे प्रभावी कार्यक्रम किसानों को प्राकृतिक आपदाओं और फसल हानि से उबारने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। यह दावा भुगतान हमारे कृषकों के विश्वास और आत्मनिर्भरता को और मजबूत करेगा।”
उन्होंने आगे कहा, कि सरकार खेती को लाभकारी बनाने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक तकनीक के प्रसार और फसल विविधीकरण के माध्यम से प्रदेश की कृषि को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए संकल्पित हैं।
🟠किसानों के लिए बड़ा राहत पैकेज:
विशेषज्ञों के अनुसार, यह भुगतान ऐसे समय में किया जा रहा हैं, जब कई क्षेत्रों में असमान बारिश और प्राकृतिक आपदाओं के कारण किसानों को नुकसान उठाना पड़ा। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और मौसम आधारित बीमा योजना, किसानों के लिए एक सुरक्षा कवच का काम करती हैं, जो फसल नुकसान की स्थिति में आर्थिक स्थिरता बनाए रखने में मदद करती हैं।












