संदिली सिंह,रायपुर,29अगस्त2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
परलकोट क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाया जा रहा,18दिवसीय अनिश्चितकालीन धरना आज समाप्त हो गया। कांग्रेस ने 11 अगस्त से नया बाजार बस स्टैंड पखांजूर में सात सूत्रीय मांगों को लेकर यह आंदोलन शुरू किया था।
🟠कांग्रेस की मुख्य मांगें
धरना के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पखांजूर सिविल अस्पताल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में व्याप्त कमी को लेकर सात सूत्री मांगें रखीं, जिनमें प्रमुख मांगें थीं:
🔸️पखांजूर सिविल अस्पताल में डॉक्टरों और स्टाफ की कमी दूर करना।
🔸️अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर और ब्लड बैंक की सुविधा उपलब्ध कराना।
🔸️लैब में आवश्यक जांच उपकरणों की व्यवस्था करना।
🔸️प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की नियुक्ति करना।
कांग्रेस का कहना हैं,कि परलकोट क्षेत्र के करीब दो लाख लोग पखांजूर सिविल अस्पताल पर निर्भर हैं, लेकिन डॉक्टरों और संसाधनों की कमी के चलते उन्हें निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता हैं।
🟠विधायक सावित्री मंडावी ने दिया समर्थन
धरना आंदोलन के 18वें दिन भानुप्रतापपुर विधानसभा की विधायक सावित्री मंडावी पखांजूर पहुंचीं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को समर्थन दिया। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से फोन पर चर्चा की और धरना स्थल पर मौजूद जनता से कहा,कि कांग्रेस क्षेत्र की स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर गंभीर हैं और जनता की आवाज को बुलंद करती रहेगी।
🟠प्रशासन ने दिया आश्वासन
धरना स्थल पर पहुंचे पखांजूर एसडीएम टीकाराम देवांगन, खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार वैष्णव और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी रबी कुजूर ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनता के सामने सात सूत्रीय मांगों को बारी-बारी से पढ़कर बताया,कि कुछ मांगों को पहले ही पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष मांगों को अगले तीन माह के भीतर पूरा करने का वादा किया गया हैं।
🟠कांग्रेस का अल्टीमेटम
प्रशासनिक अधिकारियों की बात मानते हुए,कांग्रेस ने फिलहाल धरना खत्म करने का निर्णय लिया। हालांकि, कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कर दिया,कि यदि तीन माह के भीतर शेष मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो वे पुनः अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे।












