संदिली सिंह,रायपुर,4सितंबर 2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई। राजधानी रायपुर के मंत्रालय महानदी भवन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की उपस्थिति में चिकित्सा शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ और कॉन्टिनेंटल हॉस्पिटल तेलंगाना के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (PMSSY) के तहत किया गया हैं।
इस मौके पर वन एवं परिवहन मंत्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, एनएमडीसी के अधिकारी और कॉन्टिनेंटल हॉस्पिटल हैदराबाद के चेयरमैन डॉ. गुरुनाथ रेड्डी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
🟠बस्तर को मिलेगा 200 करोड़ का बड़ा तोहफ़ा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने,इस अवसर पर कहा,कि राज्य सरकार का संकल्प हैं,कि आदिवासी अंचलों सहित प्रदेश के हर नागरिक तक विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचे।
उन्होंने कहा—”बस्तर के लोग वर्षों से उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाओं से वंचित रहे हैं। अब उन्हें इलाज के लिए रायपुर या बिलासपुर नहीं जाना पड़ेगा। यह अस्पताल न केवल आम लोगों के लिए बल्कि नक्सल मोर्चे पर तैनात जवानों के लिए भी जीवनरक्षक सिद्ध होगा।”
सीएम ने कहा,कि आठ साल पहले इस अस्पताल की नींव रखी गई थी और अब रजत जयंती वर्ष में इसका एमओयू होना प्रदेश के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता हैं।
🟠स्वास्थ्य मंत्री की टिप्पणी
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा,कि पहले सुपर स्पेशियलिटी सेवाएँ सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित थीं, लेकिन अब बस्तर के लोग भी सरकारी दर पर अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे। उन्होंने कहा,कि राज्य सरकार भविष्य में भी ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों तक आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
🟠अस्पताल की प्रमुख विशेषताएँ
🔸️कुल लागत: 200 करोड़ रुपये (120 करोड़ केंद्र सरकार, 80 करोड़ राज्य सरकार)
🔸️स्थान: जगदलपुर, 11 एकड़ में फैला हुआ विशाल परिसर
🔸️क्षमता: 240 बिस्तर, 10 मंजिला अत्याधुनिक इमारत
🔸️विभाग: कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, न्यूरो सर्जरी, यूरोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी
🔸️सुविधाएँ: ओपीडी, आईसीयू, आपातकालीन सेवाएँ, गहन चिकित्सा इकाई, अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक उपकरण
🔸️सेवाएँ: सरकारी दरों पर उपचार, विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उपलब्ध
🔸️योगदान: एनएमडीसी ने इस परियोजना में भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया
🟠प्रदेश के लिए मील का पत्थर
स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया ने बताया,कि इस अस्पताल के शुरू होने से न केवल,बस्तर संभाग के लाखों लोगों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएँ मिलेंगी, बल्कि प्रदेश के स्वास्थ्य ढाँचे को भी नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा, कि यह अस्पताल भविष्य की स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने में भी मददगार साबित होगा।
विशेषज्ञों ने भी माना,कि यह परियोजना छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाएगी और मरीजों को बड़े शहरों पर निर्भरता से मुक्ति मिलेगी।












