संदिली सिंह,रायपुर,12सितंबर2025,विशेष रिपोर्ट-Nexis News
छत्तीसगढ़ में ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार बड़े पैमाने पर कदम उठा रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर में आयोजित 97वीं नेशनल कॉन्फ्रेंस “फोरम ऑफ रेगुलेटर्स” को संबोधित करते हुए कहा,कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत मार्च 2027 तक 5 लाख घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य रखा गया हैं।मुख्यमंत्री ने बताया,कि 1 किलोवॉट से 3 किलोवॉट तक के सौर संयंत्र पर 30 हजार से 78 हजार रुपए तक की केंद्रीय सहायता सीधे उपभोक्ताओं के बैंक खाते में दी जाएगी। साथ ही राज्य सरकार की अतिरिक्त सब्सिडी से उपभोक्ताओं को कुल लागत का 75% तक सब्सिडी मिलेगी।
🟠छत्तीसगढ़ बनेगा बिजली उत्पादन में अग्रणी राज्य
मुख्यमंत्री साय ने कहा,कि छत्तीसगढ़ की बिजली उत्पादन क्षमता 25 वर्षों में बढ़कर 30,000 मेगावाट तक पहुँच चुकी हैं। हाल ही में 32,000 मेगावाट से अधिक क्षमता वाले नए बिजलीघरों की स्थापना के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जिनमें ताप विद्युत, पंप स्टोरेज, परमाणु, बैटरी स्टोरेज और सौर ऊर्जा परियोजनाएँ शामिल हैं।आने वाले वर्षों में राज्य का लक्ष्य 60,000 मेगावाट से अधिक बिजली उत्पादन करने का है, जिससे न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि देश के अन्य राज्यों को भी बिजली आपूर्ति की जाएगी।
🟠देश में सबसे ज्यादा प्रति व्यक्ति बिजली खपत वाला राज्य
मुख्यमंत्री ने बताया,कि छत्तीसगढ़ में प्रति व्यक्ति बिजली खपत 2,211 यूनिट हैं,जबकि देश का औसत केवल 1,255 यूनिट हैं। यह राज्य की ऊर्जा आत्मनिर्भरता और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान को दर्शाता हैं।
🟠सौर ऊर्जा नीति में संशोधन से मिलेगी गति
कैबिनेट बैठक में हाल ही में सौर ऊर्जा नीति 2030 में संशोधन को मंजूरी दी गई हैं, जिसके तहत नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं को औद्योगिक नीति में प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर केंद्रीय विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष जिश्नु बरुआ, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष हेमंत वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, ऊर्जा विभाग के सचिव रोहित यादव सहित देशभर से आए ऊर्जा विशेषज्ञ और अधिकारी उपस्थित थे।












