संदिली सिंह,रायपुर,12सितंबर2025,विशेष रिपोर्ट-Nexis News
छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अंतर्गत पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर सांस्कृतिक, शैक्षणिक और स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हो गया हैं। दुर्ग, जशपुर, बीजापुर, सूरजपुर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और दंतेवाड़ा समेत विभिन्न जिलों में रंगोली प्रतियोगिता, क्विज, भाषण, मिलेट्स प्रदर्शनी और महिला सशक्तीकरण जैसे अनेक आयोजन धूमधाम से किए गए।
दुर्ग जिले में आयुष विभाग द्वारा “हर दिन हर घर आयुर्वेद” थीम पर मिलेट्स प्रदर्शनी, बुजुर्गों के स्वास्थ्य परीक्षण और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी का वितरण किया गया। सियान जतन कार्यक्रम के अंतर्गत 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का बी.पी., शुगर और वात रोगों का परीक्षण कर औषधि वितरित की गई।
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में बच्चों ने चित्रकला प्रतियोगिता में अपनी रचनात्मकता के माध्यम से आयुर्वेदिक जीवनशैली का महत्व दर्शाया। डॉ. मेघा रानी गुप्ता और डॉ. पूर्णिमा सिंह ने बच्चों को स्वच्छता, नींद और पोषणयुक्त आहार पर उपयोगी जानकारी दी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।बीजापुर जिले के भोपालपट्टनम के गोटाइगुड़ा में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। सूरजपुर जिले में राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से क्विज, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
दंतेवाड़ा जिले के आईटीआई गीदम में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने छत्तीसगढ़ के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और विकास को रंगों के माध्यम से उकेरा। जशपुर जिले में पोषण माह कार्यक्रम के तहत बच्चों और गर्भवती माताओं को आधार कार्ड निर्माण एवं अपडेट की जानकारी दी गई, वहीं महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम में कानूनी अधिकारों और महिला हेल्पलाइन नंबर की जानकारी प्रदान की गई।
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में 15 से 18 सितंबर तक रस्साकशी, खो-खो, फुगड़ी, कुर्सी दौड़ और कबड्डी जैसी पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएं होंगी। जिला स्तरीय रजत महोत्सव का भव्य आयोजन 24 सितंबर को होगा, जिसमें महिला स्व-सहायता समूहों की प्रदर्शनी और महिला सशक्तिकरण से जुड़े बैंकिंग गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।












