संदिली सिंह,नई दिल्ली/7अक्टूबर2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से सौजन्य मुलाक़ात की। बैठक में बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार, राज्य में सेना भर्ती रैलियों के आयोजन, रक्षा क्षेत्र के विकास और नौसैनिक पोतों के नामकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री साय ने बैठक के दौरान बताया,कि बिलासपुर में रक्षा मंत्रालय की भूमि उपलब्ध हैं, जिसे एयरपोर्ट के विस्तार के लिए प्रदान करने का अनुरोध किया गया। उन्होंने राज्य में रक्षा क्षेत्र से जुड़े विकासात्मक कार्यों को भी प्रोत्साहित करने की मांग की।
उन्होंने कहा,कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में सेना में भर्ती होने का उत्साह बहुत अधिक हैं। राज्य के युवा अनुशासन, शारीरिक क्षमता और देशभक्ति के लिए प्रेरित हैं। इसी आधार पर उन्होंने पूरे प्रदेश में विशेष सेना भर्ती रैलियों के आयोजन का प्रस्ताव रखा, ताकि युवाओं को अपने ही प्रदेश में देश सेवा का अवसर मिले।
बैठक में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली परंपराओं पर भी जोर दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि नौसैनिक पोतों का नाम छत्तीसगढ़ की प्रमुख नदियों और क्षेत्रों के नाम पर रखा जाए। उदाहरण के लिए INS इंद्रावती, INS महानदी और INS बस्तर। उनका कहना था,कि इससे न केवल प्रतीकात्मक रूप से सुंदर नामकरण होगा, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और गौरव राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित होगा।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की नई औद्योगिक नीति के तहत रक्षा और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण को प्रोत्साहित करने की योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह नीति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “आत्मनिर्भर भारत” विज़न के अनुरूप हैं और इससे छत्तीसगढ़ में उच्च तकनीकी प्रशिक्षण, अनुसंधान और निजी निवेश के अवसर बढ़ेंगे।












