संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़/31अक्टूबर2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
भारत के लौह पुरुष और देश के प्रथम उप-प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को प्रदेशभर में “राष्ट्रीय एकता दिवस” बड़े उत्साह और सम्मान के साथ मनाया जाएगा।भारत सरकार के गृह मंत्रालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ शासन द्वारा इस अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन के लिए गृह विभाग को नोडल विभाग घोषित किया गया हैं।
🟠प्रदेशभर में गूंजेगी एकता की शपथ
राज्य के सभी शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और स्थानीय निकायों में सुबह 10:30 बजे राष्ट्रीय एकता शपथ समारोह आयोजित किया जाएगा।अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों को “राष्ट्रीय एकता शपथ” दिलाई जाएगी, जिसमें एक भारत – श्रेष्ठ भारत की भावना को सशक्त करने का संकल्प लिया जाएगा।
🟠रन फॉर यूनिटी और वर्षभर चलेंगे कार्यक्रम
इसके साथ ही प्रदेशभर में “रन फॉर यूनिटी”, निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताएँ, एकता पर आधारित प्रदर्शनियाँ, युवा रैलियाँ और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।ये आयोजन अक्टूबर 2025 से अक्टूबर 2026 तक वर्षभर चलेंगे, ताकि सरदार पटेल के योगदान और राष्ट्रीय एकता के महत्व को जन-जन तक पहुँचाया जा सके।
🟠मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आह्वान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा —
“सरदार पटेल का जीवन हमें यह प्रेरणा देता है कि एकता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उनके अटूट संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत की अखंडता को सशक्त किया। हम सबको इस अवसर पर यह संकल्प लेना चाहिए कि देश की एकता और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।”
राज्य शासन ने सभी विभागों और जिलों को निर्देश दिए हैं,कि वे निर्धारित गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित करें, ताकि सरदार पटेल के आदर्शों और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संदेश को हर नागरिक तक पहुँचाया जा सके।












