संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,18जनवरी2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी नियद नेल्ला नार योजना के अंतर्गत शिक्षा के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की गई हैं। बीजापुर जिले के दूरस्थ ग्राम बकनागुलगुड़ा में नवनिर्मित प्राथमिक शाला भवन का पूजा-अर्चना के साथ भव्य उद्घाटन किया गया। यह अवसर न केवल विद्यालय परिवार बल्कि संपूर्ण ग्रामवासियों के लिए ऐतिहासिक और उत्साहपूर्ण रहा।
वर्षों तक झोपड़ी में संचालित यह प्राथमिक विद्यालय अब एक सुसज्जित, सुरक्षित और पक्के भवन में संचालित होगा। इससे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अनुकूल वातावरण मिलेगा और उनमें शिक्षा के प्रति रुचि एवं नियमितता बढ़ेगी। ग्रामीणों ने इस पहल को क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव बताते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह परिवर्तन राज्य सरकार द्वारा शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दिए जाने का सशक्त प्रमाण हैं। अब विद्यार्थियों को सुरक्षित कक्षाओं, बेहतर अधोसंरचना और सम्मानजनक शैक्षणिक परिवेश का लाभ मिलेगा, जिससे सीखने की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।
उल्लेखनीय है कि नियद नेल्ला नार योजना के तहत राज्य के अंदरूनी और दूरस्थ अंचलों में बुनियादी सुविधाओं और अधोसंरचना का तेजी से विस्तार किया जा रहा हैं। योजना के माध्यम से जहां एक ओर ग्रामीणों के आवश्यक दस्तावेज सरलता से बनाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत और सड़क जैसी आधारभूत सुविधाओं को धरातल पर साकार किया जा रहा हैं।
ग्राम बकनागुलगुड़ा में निर्मित यह नया प्राथमिक शाला भवन शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।












