संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,20जनवरी2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा ग्रामीण अंचलों में आवागमन की सुविधा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुरू की गई, मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना 2025 अब ज़मीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू हो रही हैं। यह योजना उन दूरस्थ और पिछड़े गाँवों तक सार्वजनिक परिवहन पहुँचाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल साबित हो रही हैं, जहाँ अब तक यात्री बस सेवा उपलब्ध नहीं थी।
योजना के प्रथम चरण में बस्तर एवं सरगुजा संभाग के जिलों को सम्मिलित किया गया हैं। अब तक योजना के अंतर्गत 57 चयनित ग्रामीण मार्गों पर 57 बसों का संचालन प्रारंभ किया जा चुका हैं, जिससे कुल 330 नए गाँव पहली बार यात्री बस सुविधा से जुड़े हैं।
🟠शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार तक आसान पहुँच
इस योजना का प्रमुख उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को जनपद, तहसील और जिला मुख्यालयों से जोड़ना हैं। बस सेवा शुरू होने से ग्रामीण नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार अवसरों और प्रशासनिक कार्यों तक सुगम पहुँच मिल रही हैं, जिससे ग्रामीण जीवन में सकारात्मक परिवर्तन देखा जा रहा हैं।
🟠बस संचालकों को वित्तीय सहायता
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के अंतर्गत बस संचालकों को राज्य शासन द्वारा प्रति किलोमीटर वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही हैं—
🔸️प्रथम वर्ष: ₹26 प्रति किलोमीटर
🔸️द्वितीय वर्ष: ₹24 प्रति किलोमीटर
🔸️तृतीय वर्ष: ₹22 प्रति किलोमीटर
इसके अतिरिक्त, योजना के तहत अधिकतम तीन वर्षों तक गासिक कर में पूर्ण छूट भी दी जा रही है, जिससे ग्रामीण मार्गों पर बस संचालन आर्थिक रूप से व्यवहार्य बन सके।
🟠पारदर्शी मार्ग चयन और निविदा प्रक्रिया
मार्ग चयन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी गई है। जिला स्तरीय समिति की अनुशंसा के आधार पर राज्य स्तरीय समिति द्वारा मार्गों का चयन किया जाता हैं। बस संचालन हेतु निविदा प्रक्रिया अपनाई जाती हैं, जिसमें न्यूनतम वित्तीय दर प्रस्तावित करने वाले पात्र आवेदक का चयन किया जाता हैं।
🟠जिलावार बस संचालन की स्थिति
वर्तमान में जिलों में बस संचालन की स्थिति इस प्रकार हैं—
सुकमा (8), नारायणपुर (4), जगदलपुर (2), कोण्डागांव (4), कांकेर (6), दंतेवाड़ा (7), मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (2), सूरजपुर (6), कोरिया (5), जशपुर (7), बलरामपुर (4) एवं अंबिकापुर (2)।
इस प्रकार कुल 57 मार्गों पर 57 बसें संचालित की जा रही हैं।
🟠भविष्य की कार्ययोजना
वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के अंतर्गत 200 बसों के संचालन का लक्ष्य निर्धारित किया गया हैं। राज्य सरकार का यह प्रयास ग्रामीण कनेक्टिविटी को मजबूत कर समावेशी विकास, सामाजिक सशक्तिकरण और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।












