संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,2फरवरी 2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा हैं,कि ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक नगरी सिरपुर को अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। इसके अंतर्गत आधुनिक सड़क, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, पर्यटक सुविधा केंद्र तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर का टूरिस्ट कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।मुख्यमंत्री साय आज महासमुंद जिले के सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थल सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव के भव्य शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता खाद्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा,कि सिरपुर की ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस गौरवशाली विरासत से परिचित हो सकें। उन्होंने माघी पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा,कि महानदी के तट पर स्थित गंधेश्वर महादेव के आशीर्वाद से यह क्षेत्र निरंतर विकास की ओर अग्रसर हैं। सिरपुर छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक पहचान हैं।मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले को आज लगभग 200 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी गई है, जिससे सड़क, पुल, पेयजल, पर्यटन और अधोसंरचना के क्षेत्र में तेजी आएगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा,कि सिरपुर में आज मलेशिया, कोरिया और जापान से बौद्ध विचारक पधारे हैं, जिनका उन्होंने स्वागत किया। उन्होंने कहा,कि सिरपुर सनातन, बौद्ध और जैन संस्कृति का अद्भुत संगम हैं। पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए सरकार सिरपुर को विश्व धरोहर में शामिल कराने के लिए गंभीर प्रयास कर रही हैं, जिससे देश-दुनिया में सिरपुर की पहचान बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि अंचल के विकास के लिए सिरपुर बैराज की स्वीकृति शीघ्र प्रदान की जाएगी। सिकासेर जलाशय से कोडार जलाशय तक पानी लाने की योजना पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा हैं, जिससे किसानों को नियमित सिंचाई सुविधा मिलेगी।
खाद्य मंत्री एवं प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा, कि सिरपुर महोत्सव आज जिले की विशिष्ट पहचान बन चुका हैं। इस महोत्सव के माध्यम से जिले को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही हैं, जिससे पर्यटन को बढ़ावा और रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं एवं गरीब वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।
विधायक महासमुंद योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा,कि सिरपुर की पावन धरती धर्म, कला और ज्ञान के अद्भुत संगम की साक्षी रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सिरपुर के संरक्षण, विकास और वैश्विक पहचान के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
इस अवसर पर विधायक बसना संपत अग्रवाल, विधायक साजा ईश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष महासमुंद निखिल कांत साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष दिशा दीवान, नगर पंचायत अध्यक्ष बसना डॉ. खुशबू अभिषेक अग्रवाल, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, राज्य मुख्य आयुक्त भारत स्काउट एवं गाइड संघ इंद्रजीत सिंह खालसा गोल्डी, कलेक्टर विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, साडा सीईओ धम्म शील गणवीर, जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।












