Nexis News

स्थानीय जरूरतों और जन आकांक्षाओं के अनुरूप होंगे विकास कार्य : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,7फरवरी 2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis Newsछत्तीसगढ़ में विकास कार्य अब ज़मीनी जरूरतों और जन आकांक्षाओं के अनुरूप स्वीकृत किए जाएंगे। यह स्पष्ट संदेश मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण की प्रथम बैठक में दिया। बैठक दुर्ग जिला मुख्यालय स्थित लोक निर्माण विभाग के सभाकक्ष में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में संपन्न हुई।बैठक में प्राधिकरण के अंतर्गत स्वीकृत एवं निर्माणाधीन विकास कार्यों, बजट प्रावधानों और नवीन प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों पर भी गंभीर चर्चा हुई। बैठक का उद्देश्य अन्य पिछड़ा वर्ग समुदाय के सामाजिक,आर्थिक और शैक्षणिक उत्थान हेतु संचालित योजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन और भावी विकास रणनीति तय करना रहा।

मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट निर्देश दिए,कि स्वीकृत बजट का समय पर और पूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा विकास योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुँचे। उन्होंने कहा कि सभी स्तरों पर सतत निगरानी आवश्यक हैं,ताकि किसी भी योजना में लापरवाही न हो।मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया,कि अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्रों में स्वीकृत सभी निर्माण कार्यों,सेवाओं और कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि लंबित एवं प्रगतिरत कार्यों को अविलंब पूर्ण किया जाए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2020-21 से 2024-25 तक प्राधिकरण के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की जिलेवार समीक्षा की। जिन योजनाओं पर कार्य प्रारंभ नहीं हुआ या जो अधूरी हैं,उन्हें चिन्हित करते हुए,दो माह की समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टरों से सीधे संवाद कर अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और समयबद्धता पर जोर दिया।

गौरतलब हैं,कि छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण का उद्देश्य ग्रामीण विकास में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करना हैं। इसके अंतर्गत 35 विधानसभा क्षेत्रों में बुनियादी नागरिक सुविधाओं का विस्तार, शिक्षा, छात्रावास, स्वास्थ्य सेवाएं, सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बैठक में अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्रों की शिक्षा गुणवत्ता सुधारने को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई।

बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई विधायक, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!