संदिली सिंह,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,7फरवरी 2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
थाना राजपुर क्षेत्र में एक गरीब कृषक से दिनदहाड़े की गई ठगी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए,एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 20 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं,जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी हैं।मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया, कि घटना 2 फरवरी 2026 की हैं। प्रार्थी निबल साय अपने बेटे के साथ सहकारी बैंक राजपुर में धान बिक्री की राशि निकालने पहुंचे थे। बैंक से कुल 49,000 रुपये नकद प्राप्त करने के बाद प्रार्थी अपने बेटे का इंतजार कर रहे थे। बेटे के नहीं लौटने पर वे पैदल ही अपने गांव डांड खड़ुआ की ओर रवाना हो गए।
इसी दौरान रास्ते में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने उनसे तंबाकू मांगा और उनके बेटे का नाम पूछकर भरोसा जीत लिया। आरोपियों ने बेटे को जानने का झांसा देकर घर छोड़ने की बात कही और प्रार्थी को मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। कुछ दूर जाकर दुकान से सामान लेने का बहाना बनाकर आरोपियों ने 49 हजार रुपये की ठगी कर फरार हो गए।घटना के बाद प्रार्थी ने उसी रात अपने बेटे के साथ थाना राजपुर पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बलरामपुर के निर्देश पर तत्काल जांच शुरू की गई।
🟠CCTV फुटेज बना अहम सबूत
पुलिस ने नगर में लगे CCTV कैमरों की जांच की, जिसमें प्रार्थी को मोटरसाइकिल पर ले जाते हुए आरोपी कैद मिले। फुटेज के आधार पर संदेही की पहचान कर आरोपी जेल कुमार पिता रामलाल (27 वर्ष), निवासी ग्राम तुंगा, थाना लखनपुर, जिला सरगुजा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए,ठगी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20,000 रुपये नकद जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया हैं,जबकि एक अन्य फरार आरोपी की लगातार पतासाजी जारी हैं।
🟠टीमवर्क से मिली सफलता
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजपुर के नेतृत्व में आरक्षक अमित राजवाड़े, सहायक उप निरीक्षक अशोक तिर्की, प्रधान आरक्षक पवन सिंह एवं प्रधान आरक्षक राजेंद्र ध्रुव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की हैं,कि इस प्रकार के झांसे से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।












