संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,10फरवरी 2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
छत्तीसगढ़ प्रिंसिपल एसोसिएशन के तत्वावधान में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय,रायपुर के प्रेक्षागृह में भव्य शैक्षिक संगोष्ठी एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता अहिवारा विधानसभा के विधायक एवं अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डोमन लाल कोर्सेवाडा ने की।कार्यक्रम में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा तथा पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुल सचिव डॉ. शैलेंद्र पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
🟠शासकीय विद्यालय समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं : शिक्षा मंत्री
मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा,कि शासकीय विद्यालय संस्कार, समानता और सामाजिक सद्भावना के केंद्र हैं, जहां समाज के सभी वर्गों के बच्चे एक साथ शिक्षा ग्रहण करते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में संसाधनों की कमी के बावजूद शासकीय विद्यालयों में नामांकन अधिक था, लेकिन आज पर्याप्त संसाधन होने के बाद भी नामांकन में गिरावट शिक्षकों और प्राचार्यों के लिए गंभीर चिंतन का विषय हैं। यादव ने बताया कि उनके कार्यकाल में पदोन्नति प्रक्रिया को प्राथमिकता दी गई हैं, जो आगे भी निरंतर जारी रहेगी। साथ ही शिक्षकों की जायज़ मांगों पर समयबद्ध और सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।
🟠शिक्षकों को अनुशासन और निष्ठा से कार्य करना चाहिए : कोर्सेवाडा
समारोह की अध्यक्षता करते हुए,डोमन लाल कोर्सेवाडा ने कहा,कि समय के साथ समाज में शिक्षकों के प्रति दृष्टिकोण में बदलाव आया हैं। उन्होंने शिक्षकों से समय के प्रति प्रतिबद्ध रहते हुए पूर्ण निष्ठा और अनुशासन से अपने दायित्वों के निर्वहन का आह्वान किया।
🟠मुख्यमंत्री का अभिनंदन कार्यक्रम रायपुर उत्तर में होगा : पुरंदर मिश्रा
रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ प्रवास के कारण मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश के समस्त शिक्षकों और प्राचार्यों द्वारा मुख्यमंत्री का अभिनंदन समारोह रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में छत्तीसगढ़ प्रिंसिपल एसोसिएशन के माध्यम से आयोजित किया जाएगा।
🟠पदोन्नति के बाद भी अध्यापन से जुड़े रहें : कुल सचिव
विशिष्ट अतिथि डॉ. शैलेंद्र पटेल ने कहा कि पदोन्नति के बाद भी प्राचार्यों को अध्यापन कार्य से जुड़े रहना चाहिए और नियमित रूप से कम से कम दो कालखंड पढ़ाना चाहिए।
🟠2800 पदोन्नतियों के लिए सरकार का आभार
छत्तीसगढ़ प्रिंसिपल एसोसिएशन के प्रांतीय संयोजक अनिल शुक्ला ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि बीते छह माह में लगभग 2800 प्राचार्य, व्याख्याता सहित 10,000 शिक्षकों और प्रधानपाठकों की पदोन्नति पारदर्शिता के साथ की गई हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सर्वसम्मति से अनिल शुक्ला को पुनः प्रांतीय संयोजक चुना गया।
🟠मानसिक स्वास्थ्य पर व्याख्यान और टेलीफिल्म का प्रदर्शन
शैक्षिक संगोष्ठी में विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंवदा श्रीवास्तव और उनकी टीम द्वारा छात्रों में मानसिक दबाव और अवसाद विषय पर व्याख्यान दिया गया तथा जागरूकता आधारित टेलीफिल्म का प्रदर्शन किया गया।कार्यक्रम में नौ सूत्रीय मांग पत्र का वाचन राकेश शर्मा द्वारा किया गया। अतिथियों का शाल और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया।
🟠प्रदेशभर से बड़ी संख्या में प्राचार्य रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी रायपुर हिमांशु भारतीय सहित कोरिया से बस्तर तक सुदूर जिलों से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष प्राचार्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य शिरीष तिवारी ने किया तथा आभार प्रदर्शन श्याम कुमार वर्मा ने किया।












