संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,17फरवरी 2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में कोरिया जिले के बैकुंठपुर में सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सरगुजा संभाग के जिलों में संचालित विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई और जनप्रतिनिधियों के सुझावों के आधार पर नई योजनाओं को स्वीकृति दी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा,कि सरगुजा और बस्तर जैसे वनांचल क्षेत्रों का विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। प्राधिकरण के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास निरंतर जारी हैं। उन्होंने कहा,कि जनजातीय समाज का सशक्तिकरण और क्षेत्र की समृद्धि के लिए सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं।
🟠50 करोड़ का बजट, 543 विकास कार्यों को मंजूरी
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 50 करोड़ रुपये के बजट प्रावधान को स्वीकृति दी गई। जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों के आधार पर 543 विकास कार्यों के लिए 4905.58 लाख रुपये की मंजूरी दी गई। साथ ही वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 606 कार्यों को भी औपचारिक अनुमोदन प्रदान किया गया।मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए,कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी और गर्मी के मौसम में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
🟠जनमन योजना के तहत तेज विद्युतीकरण
बैठक में बताया गया,कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के सोनहत विकासखंड में विद्युतीकरण कार्य तेजी से जारी हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण हों, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे जनजातीय एवं वनांचल क्षेत्रों के लोगों तक पहुंचे।
🟠पर्यटन और स्थानीय विकास को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने बताया,कि पिछली बैठक जशपुर जिले के मयाली में आयोजित हुई थी, जिसके बाद क्षेत्र की पहचान पर्यटन केंद्र के रूप में बढ़ी। उन्होंने कहा,कि बैकुंठपुर में बैठक से भी जिले की पहचान और पर्यटन संभावनाओं को बल मिलेगा। झुमका जलाशय सहित क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें विकसित किया जाएगा।बैठक में राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।












