संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,22फरवरी 2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
विष्णुदेव साय का 62वाँ जन्मदिवस उनके गृहग्राम बगिया में उत्साह, श्रद्धा और आत्मीयता के साथ धूमधाम से मनाया गया। जन्मदिन के अवसर पर मुख्यमंत्री ने सबसे पहले अपनी माताजी जसमनी देवी के चरण स्पर्श कर,उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। पारिवारिक स्नेह और जनसमर्थन से भरा यह अवसर पूरे दिन खास बना रहा।
🟠राम सदन में हुआ सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन
बगिया स्थित राम सदन में सत्यनारायण व्रत कथा श्रवण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उनकी माताजी जसमनी देवी, धर्मपत्नी कौशल्या साय और परिवार के अन्य सदस्यों ने श्रद्धापूर्वक व्रत कथा का श्रवण किया तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
🟠बधाई देने वालों का लगा तांता
मुख्यमंत्री के गृह निवास में सुबह से ही जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। सभी ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए,उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने सभी के स्नेह और आत्मीय स्वागत के लिए हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा,कि जनस्नेह ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति हैं।
🟠छात्राओं को मिली क्रिकेट किट
क्रिकेट में जिले का नाम रोशन करने वाली शासकीय प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास, इचकेला की प्रतिभाशाली छात्राओं को मुख्यमंत्री ने प्रोत्साहन स्वरूप 15 क्रिकेट किट प्रदान की। इन छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित किया है। मुख्यमंत्री ने उन्हें अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
🟠पहाड़ी कोरवा समाज ने दी शुभकामनाएं
पहाड़ी कोरवा समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक वेशभूषा और तीर-धनुष के साथ उपस्थित होकर मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उनसे आत्मीय संवाद कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना से उनके गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ हैं और जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया हैं।मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया,कि विशेष पिछड़ी जनजातियों के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध हैं।
🟠गणमान्य जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर विधायक गोमती साय, रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत सदस्य कृष्ण कुमार राय, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।












