Nexis News

छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्श आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत : राज्यपाल रमेन डेका

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,6जून2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News

छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने शनिवार को रायपुर स्थित महाराष्ट्र मंडल में आयोजित छत्रपति शिवाजी महाराज राज्याभिषेक समारोह दिवस में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा,कि छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन साहस, स्वाभिमान, सुशासन और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय उदाहरण हैं, जो आज भी युवाओं को प्रेरणा प्रदान करता हैं।

राज्यपाल ने कहा,कि 6 जून 1674 को रायगढ़ दुर्ग में संपन्न हुआ शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक केवल एक राजतिलक नहीं था, बल्कि स्वतंत्र “हिंदवी स्वराज” की स्थापना का ऐतिहासिक क्षण था। उन्होंने कहा,कि शिवाजी महाराज ने अपने अदम्य साहस, दूरदर्शी नेतृत्व और कुशल प्रशासन के बल पर स्वराज की मजबूत नींव रखी तथा करोड़ों भारतीयों में आत्मसम्मान और आत्मविश्वास का संचार किया।उन्होंने शिवाजी महाराज को एक कुशल प्रशासक, प्रजावत्सल शासक और धार्मिक सहिष्णुता का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनकी अष्टप्रधान व्यवस्था, संगठित नौसेना और जनकल्याणकारी नीतियां आज भी शासन-प्रशासन के लिए प्रेरणास्रोत हैं।राज्यपाल डेका ने महाराष्ट्र मंडल की 91 वर्षों की गौरवशाली यात्रा की सराहना करते हुए कहा,कि संस्था समाज सेवा, शिक्षा और सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महाराष्ट्र मंडल भविष्य में भी समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लेने वाले चार प्रतिभाशाली बच्चों को पांच-पांच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। साथ ही महाराष्ट्र मंडल को एक एंबुलेंस देने की घोषणा भी की।

इस अवसर पर रायपुर महापौर मीनल चौबे, महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक, पदाधिकारी एवं महाराष्ट्रीयन समाज के सदस्य उपस्थित रहे।छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक दिवस पर आयोजित यह समारोह राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक गौरव और सुशासन के मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बना।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!