अर्पित तिवारी,रामानुजगंज,छत्तीसगढ़,08जून 2026
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) रामानुजगंज में चोरी की बड़ी घटना सामने आई हैं। संस्थान परिसर में खड़े प्रशिक्षण ट्रक से अज्ञात चोरों ने चार टायर, स्टेपनी और बैटरी चोरी कर ली। घटना से संस्थान को लाखों रुपये की क्षति पहुंची हैं,और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
🟠प्रशिक्षण ट्रक को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, व्यवसाय मेकैनिक डीजल के विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के लिए संचालनालय द्वारा हाल ही में एक टाटा सिग्ना ट्रक उपलब्ध कराया गया था। यह ट्रक संस्थान परिसर में खड़ा था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने वाहन के पीछे लगे चारों चक्कों को रिंग सहित निकाल लिया। इसके साथ ही वाहन की स्टेपनी और बैटरी भी चोरी कर ली गई।
🟠डेढ़ से दो लाख रुपये के नुकसान का अनुमान
संस्थान प्रशासन द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में चोरी हुए टायर, रिंग और बैटरी की कुल कीमत लगभग 1.5 से 2 लाख रुपये के बीच आंकी गई हैं। हालांकि वास्तविक नुकसान का आंकलन पुलिस जांच और तकनीकी मूल्यांकन के बाद स्पष्ट होगा।
🟠पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलते ही,संस्थान प्रबंधन ने थाना रामानुजगंज में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी हैं।पुलिस अधिकारियों के अनुसार आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही हैं,तथा उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तकनीकी पहलुओं के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी हैं।
🟠सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
सरकारी संस्थान परिसर में खड़े प्रशिक्षण वाहन से इस प्रकार की चोरी होने के बाद संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए हैं। घटना के बाद विद्यार्थियों और संस्थान प्रबंधन में चिंता का माहौल हैं।












