डेनियल सेप्टी,कांकेर,छत्तीसगढ़,9जून 2026
कांकेर पुलिस के लिए आज का दिन गर्व और सम्मान का दिन बन गया हैं। नक्सलवाद के खिलाफ मोर्चा संभालते हुए अदम्य साहस, वीरता और उत्कृष्ट नेतृत्व का परिचय देने वाले कांकेर जिले के दो बहादुर पुलिस अधिकारियों को देश के प्रतिष्ठित वीरता सम्मान “शौर्य चक्र” से सम्मानित किया गया हैं।
महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कांकेर पुलिस के अधिकारी लक्ष्मण केवट और रामेश्वर देशमुख को यह सम्मान प्रदान किया। यह सम्मान न केवल दोनों अधिकारियों की व्यक्तिगत उपलब्धि हैं,बल्कि पूरे कांकेर, बस्तर संभाग और छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए गर्व का विषय हैं।नक्सल प्रभावित और चुनौतीपूर्ण इलाकों में दोनों अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण अभियानों का सफल नेतृत्व किया। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने असाधारण साहस, रणनीतिक कौशल और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए सुरक्षा बलों का नेतृत्व किया और नक्सल उन्मूलन अभियान को मजबूती प्रदान की।
पुलिस अधीक्षक उत्तर बस्तर कांकेर निखिल राखेचा ने दोनों अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा,कि यह सम्मान पूरे पुलिस विभाग के मनोबल को बढ़ाने वाला हैं। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों की बहादुरी और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।कांकेर पुलिस परिवार ने भी दोनों वीर अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की हैं। देश की सुरक्षा और जनता की रक्षा के लिए उनके साहसिक योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।











