न्यूज डेस्क,जशपुर,छत्तीसगढ़,11जून2026
छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे,अभियान के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली हैं। झारखंड से जशपुर होते हुए अंबिकापुर भेजी जा रही नशीले इंजेक्शनों की बड़ी खेप को पुलिस ने जब्त करते हुए 5 तस्करों को गिरफ्तार किया हैं। इस कार्रवाई में पुलिस मितान टीम की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के नशीले इंजेक्शन, कार, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की हैं।
🟠पुलिस को देखकर जंगल में भागे तस्कर
9 जून की रात सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस टीम सारूडीह मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार पुलिस को देखकर अचानक दिशा बदलकर जंगल की ओर भागने लगी। शक होने पर पुलिस ने वाहन का पीछा किया। दबाव बढ़ता देख आरोपी कार छोड़कर ग्राम हाथीसार (किनकेल) के जंगल में फरार हो गए।तत्काल पुलिस मितान टीम को मौके पर बुलाया गया और पूरे इलाके की घेराबंदी की गई। घंटों की तलाश और सघन सर्च ऑपरेशन के बाद जंगल में छिपे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
🟠अंबिकापुर और झारखंड से जुड़े तार
पकड़े गए आरोपियों की पहचान दीपक लकड़ा, अमन सिंह, आलोक साय, अरुण राम और मोहम्मद शमशेर खान के रूप में हुई हैं। घटना के बाद फरार हुए आरोपी अरुण राम को अंबिकापुर से गिरफ्तार किया गया, जबकि नशीले इंजेक्शन उपलब्ध कराने वाले मुख्य सप्लायर मोहम्मद शमशेर खान को झारखंड के गुमला जिले से दबोचा गया।
🟠कार से मिली नशीले इंजेक्शनों की बड़ी खेप
तलाशी के दौरान पुलिस ने कार से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए, जिनमें Rexogesic (Buprenorphine Injection) 865 ML,Avill (Pheniramine Maleate Injection) – 1200 शीशियां,नगद 6,500 रुपये,मारुति सेलेरियो कार,मोटरसाइकिल,4 मोबाइल फोन जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार इन इंजेक्शनों की अवैध सप्लाई अंबिकापुर क्षेत्र में की जानी थी।
🟠NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया,कि नशीले इंजेक्शन झारखंड से खरीदकर छत्तीसगढ़ लाए जा रहे थे। मामले में थाना सिटी कोतवाली जशपुर में अपराध क्रमांक 177/26 के तहत धारा 21(ग) NDPS एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया हैं।
जशपुर के डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा,कि पुलिस मितान टीम और पुलिस के संयुक्त प्रयास से यह बड़ी सफलता मिली हैं। जिले में नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।यह कार्रवाई जशपुर पुलिस के नशा विरोधी अभियान की अब तक की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक मानी जा रही हैं।












