अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,11जून 2026
जिले के कोटरहिटांड क्षेत्र में सिंदूर नदी तट पर चल रहे, नहर निर्माण कार्य के दौरान बुधवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माण कार्य में लगी अजाक्स मशीन अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे मशीन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र में किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से,करोड़ों रुपये की लागत से नहर निर्माण कार्य कराया जा रहा हैं। बुधवार शाम ग्राम सेंदुर के कोटरहिटांड में निर्माण कार्य के दौरान अजाक्स मशीन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि मशीन चालक उसके नीचे दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।मृतक की पहचान रामदयाल (निवासी सनावल-पचावल) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद श्रमिकों और कर्मचारियों ने चालक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
🟠सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे जिला पंचायत उपाध्यक्ष
घटना की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंहदेव तत्काल घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को घटना की सूचना देकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए।इसके बाद पुलिस, राजस्व विभाग और निर्माण एजेंसी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मशीन के नीचे फंसे शव को बाहर निकाला गया।
🟠पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया हैं। वहीं हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई हैं।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मशीन के अनियंत्रित होने से यह दुर्घटना हुई, हालांकि तकनीकी खराबी, सुरक्षा मानकों की अनदेखी या अन्य कारणों की भी जांच की जा रही हैं।
🟠सिंचाई परियोजना के कार्य पर लगा विराम
बताया जा रहा हैं,कि यह नहर निर्माण कार्य क्षेत्रीय विधायक एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम के प्रयासों से स्वीकृत सिंचाई परियोजना के अंतर्गत कराया जा रहा हैं। हादसे के बाद एहतियातन निर्माण कार्य को अस्थायी रूप से रोक दिया गया हैं।इस दुखद घटना से मृतक के परिजनों सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल हैं। स्थानीय लोगों ने दिवंगत चालक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सहायता प्रदान करने की मांग की हैं।












