अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,12जून 2026
ओडिशा से उत्तरप्रदेश भेजी जा रही थी करोड़ों की गांजा खेप, बसंतपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई से खुला बड़ा नेटवर्क।
बलरामपुर जिले की बसंतपुर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए,लगभग 12 क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया हैं। पुलिस ने एक ट्रक से भारी मात्रा में गांजा जब्त करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया हैं। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही हैं।पुलिस को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर देर रात विशेष घेराबंदी की गई। बताया जा रहा हैं,कि गांजे की यह बड़ी खेप ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र से उत्तरप्रदेश भेजी जा रही थी।
तस्कर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रक के माध्यम से मादक पदार्थ की सप्लाई करने की फिराक में थे, लेकिन बसंतपुर पुलिस की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।जानकारी के अनुसार तड़के करीब 3 बजे पुलिस ने संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की, जहां बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान लोकेश निवासी सहारनपुर (उत्तरप्रदेश) और आमिर निवासी मुजफ्फरनगर (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई हैं।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया हैं,कि दोनों आरोपी पहले भी मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में संलिप्त रहे हैं। पुलिस अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड और पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।कार्रवाई के दौरान बसंतपुर पुलिस के साथ साइबर सेल की टीम भी सक्रिय रही। बरामद गांजे की मात्रा इतनी अधिक हैं,कि उसकी नाप-तौल और दस्तावेजी कार्रवाई में पुलिस अधिकारियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ रही हैं। फिलहाल जब्त गांजे का अंतिम वजन और बाजार मूल्य निर्धारित किया जा रहा हैं।
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई बलरामपुर जिले के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी गांजा जब्ती मानी जा रही हैं। पुलिस को आशंका है कि इसके तार अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। मामले में आगे की जांच जारी हैं,और कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना हैं,कि पूरे मामले का विस्तृत खुलासा आधिकारिक प्रेस वार्ता और जांच रिपोर्ट के बाद किया जाएगा।












