अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,12जून 2026
बलरामपुर-रामानुजगंज पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ,जिले की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए,1941.110 किलोग्राम (करीब 19.41 क्विंटल) गांजा जब्त किया हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई में एक ट्रक सहित लगभग 10 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध खेप बरामद की हैं। साथ ही दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया हैं,जिनमें गांजा तस्करी नेटवर्क का मुख्य सरगना भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार बसंतपुर थाना क्षेत्र में बीती रात, विशेष घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक RJ-14 GU-9078 को रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक में छिपाकर रखे गए 62 पैकेट गांजा बरामद किए गए। प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग 30 किलोग्राम बताया गया हैं।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोकेश शर्मा (46 वर्ष), निवासी सहारनपुर, उत्तरप्रदेश एवं आमिर अंसारी (23 वर्ष), निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तरप्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया हैं,कि लोकेश शर्मा इस अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का प्रमुख संचालक हैं और उसके खिलाफ पहले से भी मामला दर्ज हैं।
🟠6 महीने पहले भी पकड़ी गई थी बड़ी खेप
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 29 दिसंबर 2025 को बसंतपुर पुलिस ने एक अन्य ट्रक से 1198.460 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। उस मामले की विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी लोकेश शर्मा की तलाश की जा रही थी। लगातार निगरानी और तकनीकी सूचना के आधार पर पुलिस को उसके फिर से सक्रिय होने की जानकारी मिली, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई।
🟠ओडिशा से उत्तरप्रदेश तक फैला नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में सामने आया हैं,कि आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तरप्रदेश सहित अन्य राज्यों में सप्लाई करते थे। पुलिस अब पूरे नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और इससे जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी हुई हैं।
🟠पुलिस अधीक्षक की मॉनिटरिंग में हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में बसंतपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही हैं।











