न्यूज डेस्क,बिलासपुर,छत्तीसगढ़,13जून2026
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र व्यापार विहार में दिनदहाड़े ठगी की बड़ी वारदात सामने आई हैं। बाइक सवार दो शातिर बदमाश एक व्यापारी को झाड़-फूंक और तबीयत ठीक करने का झांसा देकर लगभग 3 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं। घटना के बाद व्यापारियों में दहशत और आक्रोश का माहौल हैं।जानकारी के मुताबिक नवागढ़ निवासी व्यापारी जनक प्रसाद साहू अपने पुत्र उमेश कुमार साहू के साथ व्यापारिक कार्य से बिलासपुर के व्यापार विहार पहुंचे थे। वे अपने साथ नकद राशि लेकर आए थे और थोक मंडी से लहसुन, प्याज समेत अन्य कृषि उत्पादों की खरीदारी की थी।
खरीदारी के बाद जब पिता-पुत्र व्यापार विहार चौक के पास से गुजर रहे थे, तभी पहले से उनका पीछा कर रहे बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। आरोपियों ने बातचीत के दौरान व्यापारी को अपनी बातों में उलझाया और तबीयत ठीक करने तथा झाड़-फूंक करने का झांसा देकर कुछ दूरी तक साथ चलने के लिए कहा।इसी दौरान शातिर बदमाशों ने मौका पाकर व्यापारी के हाथ से करीब 3 लाख रुपये से भरा बैग पार कर दिया और तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से व्यापारी और उनका पुत्र स्तब्ध रह गए।
उन्होंने शोर मचाते हुए,आरोपियों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश भीड़भाड़ वाले इलाके का फायदा उठाकर आंखों से ओझल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही तारबहार पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस व्यापार विहार और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही हैं। प्रारंभिक जांच में संदिग्ध बाइक सवारों की गतिविधियां कैमरों में कैद होने की जानकारी मिली हैं।फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही हैं।दिनदहाड़े हुई इस ठगी की वारदात ने व्यापार विहार क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारी वर्ग ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की हैं।












