संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,14जून2026
छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर स्थित सेंध जलाशय राष्ट्रीय स्तर की जल क्रीड़ा प्रतियोगिता का, साक्षी बना, जहां तीन दिनों तक चली 36वीं नेशनल कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप का रविवार को भव्य समापन हुआ। देश के 24 राज्यों से पहुंचे 810 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, कौशल और जुझारूपन का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए,ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि केरल और ओडिशा क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया और खेल भावना को बढ़ावा देने वाले इस राष्ट्रीय आयोजन की सराहना की।
🟠कयाकिंग-कैनोइंग को मिलेगा सरकार का पूरा सहयोग
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी जल क्रीड़ाओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार कयाकिंग और कैनोइंग खेल को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को नई पहचान मिली हैं और भारत को विश्व की शीर्ष खेल शक्तियों में शामिल करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा हैं। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार प्रयासरत हैं।
🟠”जो खेलेगा वही खिलेगा”
अरुण साव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन या प्रतियोगिता नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास और अनुशासन का सबसे बड़ा माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान से सम्मान, पहचान और सफलता प्राप्त की जा सकती हैं।उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक खेलों से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका हैं।
🟠मौसम की चुनौतियों के बीच सफल आयोजन
कार्यक्रम में शामिल तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद प्रतियोगिता का सफल संचालन खिलाड़ियों और आयोजकों की प्रतिबद्धता को दर्शाता हैं। उन्होंने कहा कि खेल अब एक मजबूत करियर विकल्प बन चुका हैं, और सरकार खेल अधोसंरचना को लगातार मजबूत कर रही हैं।
🟠देशभर के खिलाड़ियों ने दिखाया जल क्रीड़ा का रोमांच
12 जून से शुरू हुई इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जूनियर और सब-जूनियर वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने कयाकिंग और कैनोइंग की विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। सेंध जलाशय में खिलाड़ियों की रोमांचक प्रतिस्पर्धा ने दर्शकों को भी रोमांचित कर दिया।समापन समारोह में छत्तीसगढ़ प्रदेश कयाकिंग-कैनोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष बलदेव सिंह भाटिया, सचिव प्रशांत रघुवंशी, एशियन कयाकिंग-कैनोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रशांत कुशवाहा सहित विभिन्न राज्यों के खेल पदाधिकारी एवं खिलाड़ी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।












