अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,21जून 2026
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय बलरामपुर स्थित स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल, के हाई स्कूल मैदान में जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में, जिले की प्रभारी मंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सहभागिता करते हुए विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास किया।कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, जनपद अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा, नगर पालिका अध्यक्ष लोधीराम एक्का, कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, डीएफओ आलोक वाजपेयी, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।
योग प्रशिक्षकों द्वारा ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, वज्रासन, भद्रासन, मकरासन, योग निद्रासन सहित विभिन्न योग क्रियाओं तथा भ्रामरी प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने योग को दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा,कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली हैं। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का विज्ञान हैं,जो व्यक्ति को स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवन प्रदान करता है।उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग सबसे प्रभावी समाधान बनकर उभरा हैं।
नियमित योग से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहता हैं,तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता हैं।कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने सभी उपस्थित लोगों को प्रतिदिन योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प दिलाया। वहीं कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने उपस्थित जनसमूह को नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दिलाते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और योग को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।योग कार्यक्रम के पश्चात “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत प्रभारी मंत्री ने हाई स्कूल मैदान परिसर में मौलश्री का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी पौधरोपण कर हरित बलरामपुर के संकल्प को मजबूत किया।जिले के सभी विकासखंडों, नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों, वृद्धाश्रमों और ऐतिहासिक स्थलों पर भी योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।











