अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,24जून 2026
जिले में निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को,संयुक्त जिला कार्यालय परिसर स्थित स्ट्रांग रूम का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर चेतन बोरघरिया के साथ विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए।निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत प्रत्येक तीन माह में स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखी गई, ईवीएम मशीनों (EVM), वीवीपैट तथा अन्य निर्वाचन सामग्रियों का सत्यापन राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया जाता हैं। इसी प्रक्रिया के तहत संयुक्त निरीक्षण संपन्न कराया गया।
🟠राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने देखी सुरक्षा व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी चेतन बोरघरिया ने स्ट्रांग रूम में तैनात सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और निर्वाचन सामग्री के रख-रखाव संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप स्ट्रांग रूम की सुरक्षा सुनिश्चित की गई हैं,और नियमित निगरानी की जा रही हैं।राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर वहां रखी ईवीएम एवं अन्य निर्वाचन सामग्रियों का सत्यापन किया तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
🟠निरीक्षण रजिस्टर में दर्ज हुई कार्यवाही
निरीक्षण के दौरान उपस्थित सभी प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निरीक्षण पंजी में अपनी उपस्थिति और निरीक्षण तिथि दर्ज की। सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद स्ट्रांग रूम को पुनः विधिवत सीलबंद किया गया।
🟠निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की दिशा में महत्वपूर्ण प्रक्रिया
जिला प्रशासन का कहना हैं,कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नियमित रूप से इस प्रकार के निरीक्षण किए जाते हैं, जिससे निर्वाचन सामग्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और चुनाव प्रक्रिया के प्रति सभी राजनीतिक दलों तथा आम जनता का विश्वास बना रहे हैं। इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधि, निर्वाचन शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।












