अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,25जून 2026
बलरामपुर जिले की चौकी बलंगी पुलिस ने बड़े जुआ फड़ मामले में,फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की हैं। करीब 38 दिनों से पुलिस को चकमा दे रहा आरोपी योगेंद्र जायसवाल आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
🟠कर्री जंगल में सजता था लाखों का जुआ बाजार
पुलिस के अनुसार 18 मई 2026 को सूचना मिली थी, कि बलंगी क्षेत्र के ग्राम कर्री के जंगल में बाहरी राज्यों और स्थानीय क्षेत्र के कई जुआरी लाखों रुपये की हार-जीत का दांव लगाकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं।सूचना मिलते ही बलरामपुर पुलिस और चौकी बलंगी की संयुक्त टीम ने जंगल में दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआरियों में भगदड़ मच गई। मौके से कई लोग भाग निकले, जबकि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
🟠पहले ही जेल जा चुके हैं दो आरोपी
रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आशीष पांडे निवासी कसारी और गुलाबचंद जायसवाल निवासी रमेशपुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन मुख्य आरोपियों में शामिल योगेंद्र जायसवाल मौके से फरार हो गया था।इसके बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी।
🟠पुलिस की लगातार निगरानी से आरोपी गिरफ्तार
फरार आरोपी की तलाश के दौरान पुलिस को, महत्वपूर्ण सूचना मिली, जिसके आधार पर योगेंद्र जायसवाल पिता रामगुलाम जायसवाल, निवासी रघुनाथनगर को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय वाड्रफनगर में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया गया।
🟠जुआ माफियाओं पर पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस अधिकारियों का कहना हैं,कि अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। फरार अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही हैं,और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 56/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज किया गया हैं।












