न्यूज डेस्क,छाल,छत्तीसगढ़,29जून2026
वन संपदा की तस्करी पर लगाम कसते हुए,छाल वन विभाग ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आधी रात बड़ी कार्रवाई की। मुखबिर की सटीक सूचना पर,वन विभाग की टीम ने जंगल में घेराबंदी कर लाखों रुपये की इमारती सरई लकड़ी से लदी एक बोलेरो पिकअप और तस्करों की रेकी में लगी दो एचएफ डीलक्स बाइक जब्त कर ली। हालांकि,वन अमले की कार्रवाई देखते ही तस्कर वाहन छोड़कर घने जंगल का फायदा उठाते हुए,मौके से फरार हो गए।जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के करीब 2 बजे वन विभाग को सूचना मिली कि लामिखार जंगल से सरई की कीमती लकड़ियां एक बोलेरो पिकअप में भरकर देउरमार की ओर ले जाई जा रही हैं। तस्करों ने वन विभाग की निगरानी से बचने के लिए पिकअप के आगे-पीछे दो मोटरसाइकिलों पर रेकी टीम भी तैनात कर रखी थी।
सूचना मिलते ही छाल वन विभाग की टीम तत्काल सक्रिय हुई। फॉरेस्ट गार्ड दीपक नायक, नामदेव राठिया और हाथी मित्र दल के सदस्यों ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ रणनीति बनाकर लामिखार-देउरमार वनमार्ग पर चारों ओर से घेराबंदी कर दी।घेराबंदी के दौरान तस्करों ने खुद को घिरा देख वाहन छोड़ दिए और अंधेरे तथा जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके से इमारती लकड़ी से भरी बोलेरो पिकअप और दो मोटरसाइकिलों को जब्त कर वन विभाग ने राजसात की कार्रवाई शुरू कर दी हैं।वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फरार तस्करों की पहचान की जा रही हैं,और उनके खिलाफ वन अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि वन संपदा की तस्करी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।












