न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,28जून2026
छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को,अंबिकापुर जिले के लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से हुआ। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को, पोलियो की जीवनरक्षक दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की और प्रदेशवासियों से अपील की,कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा,कि बच्चों का स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य सरकार तथा समाज दोनों की साझा जिम्मेदारी हैं। उन्होंने कहा,कि भारत ने वर्षों की मेहनत, जनभागीदारी और स्वास्थ्यकर्मियों के अथक प्रयासों से पोलियो पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया हैं। अब इस उपलब्धि को बनाए रखना हर नागरिक का दायित्व हैं।उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया,कि वे अपने परिवार और आसपास के सभी 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा,कि “दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत बरकरार” केवल एक नारा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ रखने का राष्ट्रीय संकल्प हैं।
🟠36 लाख बच्चों तक पहुंचेगी पोलियो की खुराक
राज्य में 28 से 30 जून 2026 तक चल रहे,इस अभियान के तहत करीब 35.99 लाख (लगभग 36 लाख) बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया हैं। इसके लिए प्रदेशभर में 14,396 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जबकि 28,791 टीमें और 57 हजार से अधिक स्वास्थ्यकर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन एवं स्वयंसेवक अभियान में जुटे हैं।बूथ दिवस के बाद 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाए।
🟠दूरस्थ और प्रवासी बच्चों पर विशेष फोकस
स्वास्थ्य विभाग ने इस बार दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों, शहरी मलिन बस्तियों, ईंट-भट्ठों, निर्माण स्थलों पर रहने वाले श्रमिक परिवारों तथा प्रवासी एवं घुमंतू समुदायों के बच्चों तक विशेष रूप से पहुंच सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई हैं,ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की सुरक्षा से वंचित न रहे।
🟠देशभर में 17 करोड़ बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य
राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे इस अभियान के तहत देशभर में करीब 17 करोड़ बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया हैं। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया हैं,कि हाल ही में अन्य टीके लगने या हल्की सर्दी, खांसी अथवा सामान्य बुखार होने पर भी बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स सुरक्षित रूप से दी जा सकती हैं।मंत्री राजेश अग्रवाल ने अभियान से जुड़े सभी स्वास्थ्यकर्मियों, आशा कार्यकर्ताओं, मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा,कि स्वस्थ बचपन ही सशक्त भारत की सबसे मजबूत नींव है, इसलिए हर नागरिक इस अभियान को जनआंदोलन बनाने में अपनी भागीदारी निभाए।












