अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,29जून 2026
बलरामपुर में अग्निशमन व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद,जिला प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया हैं। कन्या हायर सेकेंडरी विद्यालय के पास स्थित एक मकान में,आग लगने की घटना के दौरान फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने और वाहन में पर्याप्त पानी नहीं होने के मामले को,कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने गंभीरता से लेते हुए,तत्काल 5 अग्निशमन कर्मियों को निलंबित करने के निर्देश दिए।जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने आग लगने की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी थी, लेकिन अग्निशमन वाहन काफी देर से घटनास्थल पहुंचा। इतना ही नहीं, मौके पर पहुंचने के बाद पता चला,कि वाहन में आग बुझाने के लिए पर्याप्त पानी भी उपलब्ध नहीं था। इसके बाद पहले वाहन में पानी भरने की प्रक्रिया करनी पड़ी, जिससे आग पर काबू पाने में अनावश्यक देरी हुई और नुकसान बढ़ गया।
घटना की जानकारी मिलते ही,कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने पूरे मामले का संज्ञान लिया और इसे ड्यूटी में घोर लापरवाही मानते हुए,जिला सेनानी नगर सेना को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।कलेक्टर के आदेश के बाद फायर इंचार्ज संजय पटेल, सैनिक राजेंद्र प्रसाद, सैनिक बुद्धिनारायण दुबे, पंप ऑपरेटर एवं वाहन चालक फासिस जेवियर तथा फायरमैन सुनीन एक्का को होमगार्ड अधिनियम की धारा 13 एवं नियम 12 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।प्रशासन ने स्पष्ट किया हैं,कि आपदा जैसी संवेदनशील परिस्थितियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन की सुरक्षा से जुड़े मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












