न्यूज डेस्क,जशपुर,छत्तीसगढ़,30जून2026
जशपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगातार शिकंजा कस रही पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली हैं। पत्थलगांव थाना पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए,एक आरोपी को 27 लीटर 300 मिलीलीटर अवैध अंग्रेजी एवं देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया हैं। आरोपी के कब्जे से शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही,प्लेटिना मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया हैं।पुलिस के अनुसार 28 जून की रात करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति प्लेटिना मोटरसाइकिल (CG 14 MU 1427) पर बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर ग्राम पालीडीह की ओर जा रहा हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान विश्वनाथ शर्मा (54 वर्ष) निवासी ग्राम लुड़ेग, थाना पत्थलगांव के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास रखी बोरी और झोले से कुल 114 नग अंग्रेजी एवं देसी शराब, जिनकी कुल मात्रा 27 लीटर 300 मिलीलीटर निकली। जब शराब के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए तो आरोपी कोई लाइसेंस या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका।बरामद शराब में मैकडॉनल नंबर-1 व्हिस्की, सिंबा बीयर, मुडोफ व्हिस्की, गोल्डन गोवा व्हिस्की और देसी प्लेन मदिरा शामिल हैं। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 16,440 रुपये आंकी गई हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त कर ली।
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, प्रधान आरक्षक सुभाष नायक, आरक्षक राजेंद्र रात्रे एवं विनोद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा,कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।












