Nexis News

जनकल्याणकारी योजनाओं में ढिलाई नहीं चलेगी: कलेक्टर ने अधिकारियों को उतारा फील्ड में, मिशन मोड में काम के निर्देश

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,30जून 2026

बलरामपुर जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और प्रशासनिक कार्यों में गति लाने के उद्देश्य से,कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय होकर काम करने के निर्देश दिए हैं। संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित समय-सीमा की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा,कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक पात्र हितग्राही तक शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए।बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन, सीएम जनदर्शन, पीजी पोर्टल, जनशिकायतों और समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण तय समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा,कि शिकायतों के निपटारे में लापरवाही या अनावश्यक देरी करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही सुशासन तिहार के लंबित आवेदनों को सर्वोच्च प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश भी दिए।सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान की समीक्षा करते हुए, कलेक्टर ने 10 से 31 जुलाई तक प्रस्तावित बेसलाइन सर्वे को मिशन मोड में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा,कि 31 जनकल्याणकारी योजनाओं की गैप फिलिंग कर प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी) की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी जनपद सीईओ और नगर निकाय अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण कर लंबित आवासों को मिशन मोड में पूर्ण कराने, जियो टैगिंग में तेजी लाने तथा पीएम जनमन एवं विशेष परियोजनाओं के आवासों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, खाद-बीज की उपलब्धता तथा संभावित अल-नीनो की स्थिति को लेकर भी विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसानों और आम नागरिकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी संकेतकों में सुधार, एएनसी पंजीयन, एनआरसी संचालन तथा महिला एवं बाल विकास एवं स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने पर भी विशेष जोर दिया गया।बैठक में जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, प्रमोद गुप्ता, आर.एन. पाण्डेय सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!