अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,4जुलाई 2026
बलरामपुर जिले में अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से,कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने, शनिवार को रामानुजगंज स्थित अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चेक पोस्ट की व्यवस्थाओं, जांच प्रक्रिया और अधिकारियों की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया तथा सख्त निर्देश जारी किए।
🟠हर वाहन की होगी सघन जांच
कलेक्टर ने चेक पोस्ट पर संधारित जांच पंजी का निरीक्षण कर प्रतिदिन की जा रही,जांच की जानकारी ली। उन्होंने खनिज विभाग और कृषि उपज मंडी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा, कि सीमा से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन की बिना किसी अपवाद के सघन जांच की जाए, ताकि अवैध खनिज, कृषि उपज या अन्य सामग्री के परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
🟠लापरवाही पर होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति और जिम्मेदारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा,कि जांच प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की ढिलाई, लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ करें।
🟠जांच व्यवस्था और मजबूत करने के निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों को चेक पोस्ट की निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा,कि अंतर्राज्यीय सीमा पर सतर्कता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी हैं,और अवैध परिवहन रोकने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।












