न्यूज डेस्क,जशपुर,छत्तीसगढ़,7जुलाई 2026
जशपुर पुलिस अपराध अनुसंधान को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ा रही हैं।पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा ASUMP Scheme 2025-26 (Modern/Special Plan) के तहत जिले के, विवेचकों को 104 सैमसंग स्मार्ट मोबाइल उपलब्ध कराए गए हैं। इन स्मार्ट मोबाइलों का वितरण डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने पुलिस कार्यालय जशपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया।
🟠अब विवेचना होगी पूरी तरह डिजिटल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए,डीआईजी-एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा,कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता और गति दोनों में उल्लेखनीय सुधार आएगा। स्मार्ट मोबाइल के जरिए विवेचक घटनास्थल की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग, डिजिटल साक्ष्य संकलन, गवाहों के बयान, जब्ती की प्रक्रिया और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों का सुरक्षित डिजिटल रिकॉर्ड तैयार कर सकेंगे।
🟠वैज्ञानिक जांच से मजबूत होंगे केस
उन्होंने कहा,कि वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों पर आधारित विवेचना से न्यायिक प्रक्रिया अधिक मजबूत होगी। डिजिटल साक्ष्यों के जरिए आरोपियों के, खिलाफ ठोस प्रमाण प्रस्तुत करना आसान होगा, जिससे न्यायालय में दोष सिद्ध होने की संभावना भी बढ़ेगी और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने में मदद मिलेगी।
🟠पारदर्शी और प्रभावी पुलिसिंग की दिशा में बड़ा कदम
जशपुर पुलिस के अनुसार यह पहल जिले में,तकनीक आधारित, पारदर्शी और प्रभावी विवेचना व्यवस्था को मजबूत करेगी। इससे अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता बेहतर होगी और मामलों के त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण में भी सहायता मिलेगी।
🟠कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद
मोबाइल वितरण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी दिलीप कुमार कोसले, एसडीओपी ध्रुवेश कुमार जायसवाल तथा उप पुलिस अधीक्षक भावेश समरथ सहित जिले के सभी विवेचक उपस्थित रहे।












