अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,7जुलाई 2026
बलरामपुर जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की त्रैमासिक बैठक में,सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने केंद्र प्रायोजित योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए,अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने योजनाओं के समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की साझा जिम्मेदारी हैं।
🟠स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सख्त निर्देश
बैठक में सांसद ने वर्षा ऋतु के दौरान संभावित मौसमी बीमारियों, सर्पदंश और डॉग बाइट जैसी घटनाओं के उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य शिविरों के नियमित आयोजन, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता और आम लोगों को समय पर जांच एवं उपचार के लिए जागरूक करने पर जोर दिया।
🟠शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर फोकस
सांसद चिंतामणि महाराज ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए,कि विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक क्षमता के अनुसार चिन्हित कर विशेष प्रयास किए जाएं, ताकि प्रत्येक छात्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने समय-सीमा में जाति, निवास और अन्य प्रमाण पत्र जारी करने तथा लंबित राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के भी निर्देश दिए।
🟠किसानों को जैविक खेती और एग्री स्टैक से जोड़ने पर जोर
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने किसानों को जैविक खेती, श्री विधि, स्थानीय धान की पारंपरिक किस्मों के संरक्षण, मृदा परीक्षण आधारित खेती और सब्जी उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एग्री स्टैक पंजीयन को शासन की महत्वपूर्ण पहल बताते हुए अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन कराने और इसके लाभों की जानकारी देने को कहा।
🟠सड़क, आवास और पर्यटन विकास पर भी समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पीएम-जनमन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), राष्ट्रीय राजमार्गों की मरम्मत और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा की गई। सांसद ने वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत और गुणवत्ताहीन निर्माण पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही जिले में पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए स्थानीय युवाओं और महिला स्व-सहायता समूहों को पर्यटन आधारित रोजगार से जोड़ने के लिए विशेष प्रशिक्षण शुरू करने पर भी जोर दिया।
🟠बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनी निकुंज, पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य कृष्णा गुप्ता, कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेयी, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












