अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,7जुलाई 2026
गिरिवानी व्यपवर्तन योजना की नहर क्षतिग्रस्त होने की खबर सामने आते ही,बलरामपुर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया। कलेक्टर के निर्देश पर जल संसाधन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर विस्तृत जांच की और क्षतिग्रस्त हिस्सों में तत्काल सुधारात्मक कार्य शुरू करा दिया गया।
🟠जांच में सामने आई क्षति की असली वजह
जल संसाधन विभाग की जांच में पता चला,कि गिरिवानी व्यपवर्तन योजना की नहर की सीसी लाइनिंग आरडी 2700 और आरडी 2475 पर क्षतिग्रस्त हुई हैं। विभाग के अनुसार 30 जून को हुई अल्प अवधि की तेज बारिश के कारण आसपास के खेतों का पानी उचित निकासी व्यवस्था नहीं होने से सीधे नहर में पहुंच गया, जिससे तटबंध और लाइनिंग को नुकसान हुआ।
🟠क्रॉस ड्रेनेज निर्माण अधूरा होने से बढ़ा दबाव
जांच में यह भी स्पष्ट हुआ,कि संबंधित स्थान पर प्रस्तावित क्रॉस ड्रेनेज संरचना का निर्माण समय पर नहीं होने के कारण,बारिश का पानी नहर के ऊपर से बहते हुए सीधे लाइनिंग तक पहुंच गया। वहीं नहर के स्लोप और बैंक में डाली गई मिट्टी का पर्याप्त कम्पेक्शन नहीं होने से वह पानी का दबाव नहीं झेल सकी और नहर का हिस्सा धंस गया।
🟠16.5 मीटर क्षेत्र में क्षतिग्रस्त हुई लाइनिंग
विभागीय रिपोर्ट के अनुसार आरडी 2700 पर लगभग 11.50 मीटर तथा आरडी 2475 पर करीब 5 मीटर लंबाई तक सीसी लाइनिंग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद निर्माण एजेंसी और विभागीय मैदानी अमले को तत्काल मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए।
🟠भविष्य में नहीं होगी पुनरावृत्ति
जल संसाधन विभाग ने बताया,कि दोनों स्थानों पर आवश्यक कैनाल स्ट्रक्चर और क्रॉस ड्रेनेज निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया हैं। इससे खेतों का अतिरिक्त वर्षा जल सीधे नहर में प्रवेश नहीं करेगा और भविष्य में इस तरह की क्षति की संभावना भी काफी कम हो जाएगी।












