न्यूज डेस्क,मनेन्द्रगढ़,छत्तीसगढ़,14जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के,किसानों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी सौगात दी हैं। जल संसाधन विभाग ने विकासखंड खड़गंवा स्थित गज्जूपानी जलाशय के जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण के लिए 3 करोड़ 8 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की हैं। इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र के 182 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को बेहतर और सुनिश्चित सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे किसानों को सीधे तौर पर लाभ होगा।
🟠मुख्य बांध और नहरों का होगा सुदृढ़ीकरण
स्वीकृत राशि से गज्जूपानी जलाशय के मुख्य बांध, मुख्य नहर और सिंचाई तंत्र की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। लंबे समय से रखरखाव के अभाव में प्रभावित सिंचाई व्यवस्था को अब नई मजबूती मिलेगी। नहरों की मरम्मत से पानी का रिसाव कम होगा और जलाशय का पानी अंतिम छोर तक स्थित खेतों तक भी आसानी से पहुंच सकेगा।
🟠खरीफ और रबी दोनों फसलों को मिलेगा लाभ
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, परियोजना का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाएगा। इसके बाद किसानों को खरीफ और रबी दोनों सीजन में पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे खेती की लागत कम होगी, फसल उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आय में भी सकारात्मक वृद्धि होने की उम्मीद हैं।
🟠कृषि विकास को मिलेगी नई गति
सरकार का मानना हैं,कि सिंचाई परियोजनाओं के सुदृढ़ीकरण से जल संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। गज्जूपानी जलाशय के जीर्णोद्धार से न केवल खेती को लाभ मिलेगा, बल्कि क्षेत्र में जल संरक्षण और कृषि उत्पादकता बढ़ाने की दिशा में भी यह महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।












