न्यूज डेस्क,जशपुर,छत्तीसगढ़,17जुलाई 2026
जशपुर जिले के थाना सन्ना क्षेत्र में वर्ष 2023 में हुई, नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के जघन्य मामले में,विशेष पॉक्सो न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाया हैं। न्यायालय ने आरोपी सुखदेव राम को दोषी करार देते हुए 20 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई हैं। यह फैसला जशपुर पुलिस की वैज्ञानिक जांच, मजबूत साक्ष्य और प्रभावी न्यायालयीन पैरवी का परिणाम माना जा रहा हैं।
🟠14 वर्षीय मासूम को बहला-फुसलाकर ले गया था आरोपी
मामला 18 जनवरी 2023 का हैं। थाना सन्ना क्षेत्र की 14 वर्षीय बालिका घर से नहाने जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने गांव और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।इसी दौरान घर में बैल-बकरी चराने वाला युवक सुखदेव राम भी अचानक गांव से फरार हो गया, जिससे परिवार का संदेह उसी पर गया। अगले दिन 19 जनवरी 2023 को थाना सन्ना में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
🟠पुलिस की त्वरित कार्रवाई से खुला पूरा मामला
थाना सन्ना पुलिस ने गंभीरता से जांच करते हुए, नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया, घटनास्थल का निरीक्षण किया गया, वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए और गवाहों के बयान दर्ज किए गए।जांच में आरोपी द्वारा नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म की पुष्टि होने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया गया।
🟠पॉक्सो कोर्ट ने सुनाई कठोर सजा
विशेष न्यायालय (POCSO) एवं अपर सत्र न्यायाधीश (FTC) जशपुर के न्यायाधीश जनार्दन खरे ने, अभियोजन द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों को पर्याप्त मानते हुए, आरोपी को दोषी ठहराया।
🟠न्यायालय ने आरोपी को
🔸️धारा 363 IPC – 5 वर्ष सश्रम कारावास एवं ₹1,000 अर्थदंड
🔸️धारा 366A IPC – 5 वर्ष सश्रम कारावास एवं ₹1,000 अर्थदंड
🔸️धारा 376(3) IPC – 20 वर्ष सश्रम कारावास एवं ₹2,000 अर्थदंड
🔸️धारा 6 पॉक्सो अधिनियम – 20 वर्ष सश्रम कारावास एवं ₹2,000 अर्थदंड की सजा सुनाई। सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी। फैसले के बाद आरोपी को जिला जेल जशपुर भेज दिया गया।
🟠विवेचना और पैरवी ने दिलाया इंसाफ
इस मामले में तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक एल.एन. राठिया द्वारा की गई निष्पक्ष, वैज्ञानिक और प्रभावी विवेचना ने केस को मजबूत बनाया। वहीं विशेष लोक अभियोजक अनुपम कुमार तिर्की ने न्यायालय में सशक्त पैरवी करते हुए ठोस साक्ष्य और गवाह प्रस्तुत किए, जिसके चलते आरोपी को कठोर सजा मिली।
🟠महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
जशपुर पुलिस ने कहा हैं,कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में त्वरित विवेचना, वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन और प्रभावी अभियोजन के माध्यम से दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं।











