न्यूज डेस्क,जशपुर,छत्तीसगढ़,18जुलाई 2026
श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव के तहत दोकड़ा में, शुक्रवार से पांच दिवसीय श्री जगन्नाथ कथा का भव्य शुभारंभ श्रद्धा,भक्ति और उत्साह के साथ हुआ। शुभारंभ अवसर पर निकाली गई,विशाल कलश यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय विशेष रूप से शामिल हुईं। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी और ‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
🟠वैदिक मंत्रोच्चार के बीच निकली भव्य कलश यात्रा
कलश यात्रा का शुभारंभ शिव मंदिर से हुआ, जो भजन-कीर्तन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मौसी बाड़ी स्थित मिडिल स्कूल प्रांगण में बने कथा स्थल तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया, जिससे दोकड़ा की गलियां आस्था और श्रद्धा से सराबोर हो उठीं।
🟠भगवान जगन्नाथ की महिमा से भाव-विभोर हुए श्रद्धालु
पांच दिवसीय कथा का संगीतमय वाचन छत्तीसगढ़ के, प्रसिद्ध कथा वाचक एवं कीर्तन गायक कामता प्रसाद शरण द्वारा प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक किया जा रहा हैं। प्रथम दिवस भगवान श्री जगन्नाथ की महिमा, भक्ति और सनातन संस्कृति पर आधारित प्रेरक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
🟠हजारों श्रद्धालुओं ने लिया कथा का आनंद
कथा के प्रथम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पहुंचे और भगवान श्री जगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि और लोककल्याण की कामना की। आयोजन के दौरान पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक उल्लास और उत्सव का माहौल देखने को मिला।
🟠पांच दिनों तक होंगे धार्मिक आयोजन
श्री जगन्नाथ मंदिर समिति के अनुसार महोत्सव के दौरान प्रतिदिन श्री जगन्नाथ कथा, भजन-कीर्तन, महाआरती और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रथयात्रा महोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह बना हुआ हैं।












