अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,18जुलाई 2026
धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने और अवैध मदिरा के निर्माण,बिक्री व सेवन पर रोक लगाने के लिए,जिला प्रशासन ने बछराजकुंवर धाम क्षेत्र में सख्ती बढ़ा दी हैं। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने धाम परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाकर 8 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की और दो आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
🟠दो होटलों से बरामद हुई अवैध महुआ शराब
संयुक्त कार्रवाई के दौरान बछराजकुंवर धाम के, आसपास स्थित होटलों और अन्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गई। इस दौरान अमरावतीपुर निवासी देव कुमार और कामेश्वर सिंह के होटलों से 4-4 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब, कुल 8 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस और आबकारी विभाग ने शराब जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
🟠धाम परिसर में पैदल गश्त, होटल संचालकों को सख्त चेतावनी
अभियान के दौरान संयुक्त टीम ने बछराजकुंवर धाम परिसर में पैदल गश्त कर होटल संचालकों, दुकानदारों और व्यापारियों को धार्मिक स्थल के आसपास किसी भी प्रकार की अवैध शराब की बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत दी। श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से भी धाम परिसर में मदिरापान से दूर रहने तथा धार्मिक स्थल की गरिमा बनाए रखने की अपील की गई।
🟠नियम तोड़ने वालों पर जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया हैं,कि धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर अवैध मदिरा का निर्माण, भंडारण, बिक्री या सेवन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम आगे भी नियमित गश्त, निरीक्षण और सघन जांच अभियान चलाती रहेगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।












