अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,18जुलाई 2026
जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं। रामानुजगंज क्षेत्र में करीब दो घंटे की मूसलाधार बारिश के बाद,कन्हर नदी का जलस्तर बढ़ने से एनीकट के ऊपर पानी बहने लगा। इसी दौरान रामानुजगंज–वाड्रफनगर मुख्य मार्ग का एक हिस्सा धंस गया। घटना की जानकारी मिलते ही,जिला प्रशासन ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करते हुए,प्रभावित क्षेत्र को पूरी तरह बैरिकेडिंग कर सुरक्षित कर दिया।
🟠कन्हर नदी का जलस्तर बढ़ा, सड़क धंसने से बढ़ी सतर्कता
लगातार बारिश के कारण कन्हर नदी में जलस्तर तेजी से बढ़ा, जिससे एनीकट के ऊपर से पानी बहने लगा। इसके चलते मुख्य मार्ग का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने तत्काल सुरक्षा उपाय लागू किए और लोगों की आवाजाही पर विशेष निगरानी शुरू कर दी।
🟠बैरिकेडिंग,लाल रिबन और रिफ्लेक्टर टेप से किया गया सुरक्षा घेरा
राजस्व, लोक निर्माण विभाग (PWD) और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने धंसे हुए हिस्से के दोनों ओर मजबूत बैरिकेडिंग की हैं। साथ ही पूरे क्षेत्र को लाल रिबन और रिफ्लेक्टर टेप से घेर दिया गया हैं,ताकि रात के समय या कम दृश्यता की स्थिति में भी वाहन चालकों को खतरे की स्पष्ट जानकारी मिल सके और किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
🟠मरम्मत के निर्देश, प्रशासन की लगातार निगरानी
जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को क्षतिग्रस्त सड़क की शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों द्वारा प्रभावित क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही हैं, ताकि स्थिति सामान्य होते ही आवागमन को सुरक्षित और सुचारु बनाया जा सके।
🟠वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की हैं,कि रामानुजगंज–वाड्रफनगर मार्ग से गुजरते समय पूरी सावधानी बरतें, बैरिकेडिंग और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा अनावश्यक रूप से प्रभावित क्षेत्र के निकट जाने से बचें। किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई हैं।











