अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,20जुलाई 2026
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की सामरीपाठ पुलिस ने, मवेशी तस्करी के मामले में फरार चल रहे,दो आरोपियों को झारखंड से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की हैं। दोनों आरोपी पुलिस कार्रवाई के दौरान वाहन छोड़कर फरार हो गए थे। लगातार तलाश और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने झारखंड के गढ़वा जिले में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
🟠5 भैंस और 1 गाय को क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाया जा रहा था
पुलिस के अनुसार 11/12 जुलाई 2026 की रात गश्त के दौरान सूचना मिली थी,कि कुसमी की ओर से एक पिकअप वाहन में अवैध रूप से मवेशियों की तस्करी की जा रही हैं,जबकि आगे एक कार तस्करों को पुलिस की गतिविधियों की जानकारी देने के लिए रेकी कर रही थी।सूचना मिलते ही थाना सामरीपाठ पुलिस ने, केरयापाट मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
🟠पुलिस को देखते ही वाहन छोड़ जंगल में भागे तस्कर
नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध कार पुलिस को देखकर यू-टर्न लेकर फरार हो गई। वहीं पीछे आ रहे पिकअप वाहन का चालक वाहन को सड़क किनारे छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए,जंगल की ओर भाग निकला।पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली तो उसमें 5 भैंस और 1 गाय को बेहद अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। मौके से मवेशियों को सुरक्षित छुड़ाकर पिकअप वाहन और रेकी में इस्तेमाल की जा रही आर्टिगा कार (JH01ES-7168) को जब्त कर लिया गया।
🟠कई धाराओं के तहत दर्ज हुआ अपराध
मामले में थाना सामरीपाठ में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004,पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960, मोटर व्हीकल एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
🟠झारखंड में छिपे दोनों आरोपी दबोचे गए
विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली,कि फरार आरोपी झारखंड के गढ़वा जिले के बरगढ़ थाना क्षेत्र में छिपे हुए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
🟠गिरफ्तार आरोपी
🔸️अलीराजा अंसारी (31 वर्ष), निवासी सोनपुरवा, थाना रंका, जिला गढ़वा (झारखंड)
🔸️शकी आलम (28 वर्ष), निवासी ग्राम छपरो, थाना रंका, जिला गढ़वा (झारखंड) पूछताछ में दोनों ने, मवेशी तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
🟠इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह, सज्जीद आलम मसीह तिर्की, आरक्षक अजय कुमार एवं आरक्षक अनिल कुमार साहू की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।











