संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,28जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ में खेलों के विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से,पहली बार स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का आयोजन 28 जुलाई को राजधानी रायपुर के कोर्टयार्ड-बाय-मेरियट होटल में किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन में देशभर के खेल प्रशासक,स्पोर्ट्स साइंटिस्ट, विशेषज्ञ और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एक मंच पर जुटकर राज्य में खेलों के विकास,आधुनिक प्रशिक्षण, प्रतिभा पहचान और खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए व्यापक मंथन करेंगे।कॉन्क्लेव के शाम के सत्र में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे। इस अवसर पर वे प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित करेंगे। वहीं उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव सुबह 11 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।
🟠खेलों के विकास के लिए बनेगी नई रणनीति
दिनभर चलने वाले इस कॉन्क्लेव में कुल सात तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे,जिनमें खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, क्षमता विकास, स्पोर्ट्स साइंस, खेल अधोसंरचना, प्रतिभा पहचान, उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं की तैयारी तथा राज्य की खेल नीति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।समापन सत्र में सभी चर्चाओं के निष्कर्ष प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनके आधार पर छत्तीसगढ़ में खेलों के विकास के लिए नई कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
🟠इन विषयों पर होगा गहन मंथन
कॉन्क्लेव में Leadership, Sports Promotion & Talent Identification, Vision 2036: Preparing India’s Next Generation of Olympic Champions, Sports Development, Sports Federations की भूमिका, Sports Science, PPP मॉडल के जरिए खेल अधोसंरचना, Khelo India Mission तथा छत्तीसगढ़ की पदक रणनीति एवं राज्य खेल नीति जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।विशेषज्ञ खेलों में आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं के विकास पर भी अपने सुझाव देंगे।
🟠अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी करेंगे अनुभव साझा
उद्घाटन सत्र में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ‘लीडरशिप, खेल प्रोत्साहन एवं प्रतिभा पहचान’ विषय पर संबोधित करेंगे। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर किरण पिस्दा, तैराक अनुष्का भगत और एथलीट लकी मरकाम भी मंच साझा करेंगे तथा अपने अनुभव बताएंगे।
🟠देश के नामी विशेषज्ञ होंगे शामिल
कॉन्क्लेव के विभिन्न सत्रों में ओलंपियन जिन्सन जॉनसन, प्रख्यात खेल वैज्ञानिक डॉ. रत्नेश सिंह, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, हाई परफॉर्मेंस एनालिस्ट रोनक कोठारी, पीईएफआई के राष्ट्रीय सचिव डॉ. पियूष जैन तथा खेलो इंडिया के उप महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगे।राज्य सरकार का मानना हैं,कि यह कॉन्क्लेव छत्तीसगढ़ में खेल संस्कृति को मजबूत करने, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और भविष्य के अंतरराष्ट्रीय एवं ओलंपिक स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।











