न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,7अगस्त2026
कटनी–गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-43) की बदहाल स्थिति को लेकर,शुक्रवार को अंबिकापुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। खरसिया नाका से डी-लक्स पब्लिक स्कूल तक गड्ढों में तब्दील सड़क पर धान का रोपा लगाकर कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा गया। सड़क पर प्रदर्शन के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष दुबे ने किया। उन्होंने कहा,कि खरसिया नाका चौक से करीब तीन किलोमीटर तक सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं। जगह-जगह बने बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता हैं। वाहन चालकों को न केवल आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैं,बल्कि वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा,कि शनिवार से बड़ी संख्या में कांवड़ श्रद्धालु इसी मार्ग से कैलाश गुफा के लिए रवाना होंगे।
यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो, श्रद्धालुओं को भी गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता हैं। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग से, तत्काल सड़क की मरम्मत कर आवागमन सुरक्षित बनाने की मांग की।प्रदर्शन की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के एसडीओ निखिल लकड़ा मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क का निरीक्षण किया और प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया,कि गड्ढों को जल्द भरकर सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाएगा, ताकि आम लोगों और कांवड़ यात्रियों को राहत मिल सके।












