Nexis News

बाबा के दर चले छत्तीसगढ़ के ‘स्वास्थ्य कप्तान’ : देवघर जाते वक्त रामानुजगंज में कांवरियों की सेवा देख गदगद हुए,मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल,बोले 2 से 4 महीने में शुरू होंगी अस्पताल की नई सुविधाएं

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,7अगस्त2026

सावन के इस पावन महीने में जब पूरा देश ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गुंजायमान हैं,तब देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए निकलने वाले शिवभक्तों की सेवा में रामानुजगंज एक मिसाल बनकर उभर रहा हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल अपने परिवार और करीब 100 श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ सुल्तानगंज जाते समय रामानुजगंज पहुंचे।स्वास्थ्य मंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय मांगलिक भवन पहुंचकर कांवरिया सेवा समिति द्वारा कांवरियों के लिए की जा रही,निःशुल्क भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने समिति के सेवा कार्यों की खुले दिल से सराहना की और परिवार संग मांगलिक भवन में ‘बाबा का प्रसाद’ भी ग्रहण किया।🟠नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के नेतृत्व में हुआ भव्य स्वागत

रामानुजगंज में बाबा वैद्यनाथ धाम कांवरिया सेवा समिति के मुख्य संरक्षक और नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष रमन अग्रवाल के कुशल नेतृत्व में इस विशाल सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री के आगमन पर रमन अग्रवाल एवं उनकी टीम द्वारा उनका आत्मीय और भव्य स्वागत-सत्कार किया गया।स्वास्थ्य मंत्री ने इस स्नेहपूर्ण सम्मान और स्वागत के लिए रमन अग्रवाल और कांवरिया सेवा समिति के तमाम कार्यकर्ताओं का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।

🟠”28 वर्षों से मिल रहा बाबा की सेवा का सौभाग्य”

मीडिया से आत्मीय बातचीत करते हुए,स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपनी भक्ति भावना साझा की। उन्होंने कहा:

“यह मेरा परम सौभाग्य हैं,कि मुझे लगातार पिछले 28 वर्षों से सावन के महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम जाकर जलाभिषेक करने का अवसर मिल रहा हैं। रामानुजगंज, छत्तीसगढ़ से देवघर जाने वाले कांवरियों के लिए अंतिम और बेहद महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। यहां सेवा समिति जिस निष्ठा से शिवभक्तों का ध्यान रख रही हैं,वह प्रशंसनीय हैं। बाबा धाम पहुंचकर मैं पूरे छत्तीसगढ़ की जनता की सुख,शांति और समृद्धि की कामना करूंगा।”

🟠रामानुजगंज 100-बिस्तरीय अस्पताल को लेकर दिया बड़ा आश्वासन

क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं पर पूछे गए तीखे सवालों का जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत की खबर दी।उन्होंने बताया,कि रामानुजगंज के 100-बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑपरेशन थिएटर (OT),डायलिसिस यूनिट और ब्लड स्टोरेज जैसी आधुनिक सुविधाओं के लिए शासन स्तर से राशि पहले ही जारी की जा चुकी हैं। स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम के प्रयासों और क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पर मुख्यमंत्री शासकीय अस्पताल रूपांतरण कोष से 1 करोड़ 65 लाख 92 हजार 500 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति पहले ही मिल चुकी हैं।सुविधाएं शुरू होने में हो रही देरी पर उन्होंने स्पष्ट किया,कि निर्माण व तकनीकी प्रक्रियाएं तेजी से चल रही हैं। मंत्री ने समयबद्ध आश्वासन देते हुए कहा,कि आगामी 2 से 4 महीनों के भीतर इन सभी सुविधाओं को पूर्ण रूप से शुरू कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के मरीजों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

🟠Nexis News का नज़रिया

रामानुजगंज अस्पताल में डायलिसिस और ओटी की सुविधा लंबे समय से कागजों और स्वीकृतियों में अटकी हुई थी। ऐसे में खुद प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री का मौके पर आकर 2 से 4 महीने की समयसीमा तय करना क्षेत्र की जनता के लिए एक बड़ी उम्मीद बनकर आया हैं। अब देखना यह होगा,कि बाबा के धाम से लौटने के बाद मंत्री जी का यह आश्वासन कितनी जल्दी धरातल पर उतरता हैं।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!