संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,10अगस्त2026
छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर हैं। शिक्षक भर्ती परीक्षा और सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा की तारीखों में टकराव को देखते हुए,मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की तिथियों में बदलाव किया गया हैं। अब सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 का आयोजन 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को किया जाएगा।
🟠परीक्षा की तारीखों में टकराव से अभ्यर्थियों को हो रही थी परेशानी
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया था। इसके बाद मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 की संभावित तिथियां निर्धारित की गई थीं।इसी बीच 25 अक्टूबर 2026 को शिक्षक भर्ती परीक्षा भी निर्धारित थी। दोनों परीक्षाओं की तारीख एक ही दिन होने के कारण उन अभ्यर्थियों के सामने परेशानी खड़ी हो गई थी, जो दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। उन्हें किसी एक परीक्षा से वंचित होने की आशंका थी।
🟠मुख्यमंत्री ने लिया त्वरित संज्ञान
अभ्यर्थियों की समस्या मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के, संज्ञान में आने के बाद उन्होंने अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने मुख्य परीक्षा की पूर्व निर्धारित तारीखों में बदलाव कर नई तिथियां घोषित कर दी हैं।अब सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 आगामी 2, 3 एवं 4 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
🟠‘युवाओं का हित सरकार के लिए सर्वोपरि’
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा,कि युवाओं का हित सरकार के लिए सर्वोपरि हैं। उन्होंने कहा,कि प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ने का हर संभव अवसर मिलना चाहिए और केवल परीक्षा की तारीखों के टकराव के कारण कोई पात्र अभ्यर्थी अवसर से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता हैं।मुख्यमंत्री ने कहा,कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवा लंबे समय तक मेहनत करते हैं। ऐसे में परीक्षा कार्यक्रम से जुड़ी किसी व्यावहारिक समस्या के कारण उन्हें दो अवसरों में से किसी एक का चयन करने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए। राज्य सरकार युवाओं की आकांक्षाओं के प्रति संवेदनशील हैं,और उनके भविष्य से जुड़े विषयों पर तत्परता से निर्णय लेने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
🟠अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन की सलाह
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने मुख्य परीक्षा के लिए चिन्हांकित अभ्यर्थियों को,अलग से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने की सलाह दी हैं। आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी आयोग द्वारा पृथक से जारी की जाएगी।अभ्यर्थियों को सलाह दी गई हैं,कि वे परीक्षा से जुड़ी नवीनतम जानकारी और दिशा-निर्देशों के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने, आगामी भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य और सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।












