अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,11अगस्त2026
रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में जंगल से सागौन की लकड़ी चोरी कर ले जा रहे,पति-पत्नी को रोकना वन रक्षक को भारी पड़ गया। आरोप हैं,कि रोकने और पूछताछ करने पर दोनों ने वन रक्षक के साथ गाली-गलौज करते हुए, जान से मारने की धमकी दी और सागौन के लट्ठे से हमला कर दिया। हमले में वन रक्षक के सिर पर गंभीर चोट आई हैं। पुलिस ने मामले में आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया हैं।
🟠वन रक्षक को रोककर किया हमला
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 की सुबह करीब 5:45 बजे रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में पदस्थ वन रक्षक पिंटू मालाकार ड्यूटी पर थे। इसी दौरान वन वाटिका के पास एक महिला और पुरुष जंगल की ओर से सागौन का लट्ठा लेकर आते दिखाई दिए।वन रक्षक ने दोनों को रोककर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान आरोपियों ने वन रक्षक के साथ गाली-गलौज की और रास्ते से हट जाने को कहा। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए सिर पर रखा सागौन का लट्ठा वन रक्षक के ऊपर पटक दिया।
🟠सिर में चोट लगने से वन रक्षक घायल
लट्ठे से हमला किए जाने के कारण वन रक्षक पिंटू मालाकार के सिर में चोट आई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं।घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के कर्मचारी की रिपोर्ट पर थाना रामानुजगंज में अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
🟠BNS की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज भुईया (32 वर्ष) और उसकी पत्नी मान मति भुईया (30 वर्ष), दोनों निवासी वार्ड क्रमांक 15, रामानुजगंज, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के रूप में हुई हैं।पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 140/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2), 121(2), 132 एवं 3(5) में मामला दर्ज किया हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।












