डेनियल सेप्टी,कांकेर,छत्तीसगढ़,11अगस्त2026
उप मुख्यमंत्री एवं कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव के नेतृत्व में,मंगलवार को कांकेर शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। करीब ढाई किलोमीटर लंबी इस पैदल रैली में जनप्रतिनिधियों,पूर्व सैनिकों, विद्यार्थियों, अधिकारी-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में, शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पूरे मार्ग में भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से माहौल राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत नजर आया।तिरंगा यात्रा की शुरुआत शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के खेल मैदान से हुई। यात्रा नगर घड़ी चौक, ऊपर-नीचे रोड, मस्जिद चौक और गांधी चौक होते हुए नवनिर्मित मिनी स्टेडियम परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। विधायक आशाराम नेताम और छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक यात्रा में शामिल हुए।
🟠राष्ट्रगीत के साथ शुरू हुई तिरंगा यात्रा
तिरंगा यात्रा की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई। शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। कई स्थानों पर नागरिकों ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के लिए चॉकलेट और टॉफियां भी बांटीं। सेंट माइकल इंग्लिश स्कूल की छात्राओं की बैंड टोली ने राष्ट्रगीत की धुन पर वाद्य यंत्र बजाते हुए मार्चपास्ट किया।
🟠92 फीट लंबा तिरंगा बना आकर्षण का केंद्र
तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों ने 92 फीट लंबा और 5 फीट चौड़ा विशाल तिरंगा प्रदर्शित किया। शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से गुजरते हुए विशाल तिरंगा लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए विद्यार्थियों और नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया।
🟠9 से 17 अगस्त तक चल रहा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान
केंद्र और राज्य शासन के निर्देशानुसार 9 अगस्त से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा हैं। तिरंगा यात्रा के माध्यम से नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के गायन के लिए प्रेरित किया गया। यह आयोजन वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय एवं छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के निर्देश पर किया गया।
🟠कार्यक्रम में प्रमुख उपस्थिती
कार्यक्रम में कांकेर नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तारा ठाकुर, नगर पालिका उपाध्यक्ष उत्तम यादव, पूर्व विधायक सुमित्रा मारकोले, जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, जिला शिक्षा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी रमेश निषाद सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक मौजूद रहे।












