Nexis News

मुख्यमंत्री निवास में सजेगा छत्तीसगढ़ी संस्कृति का रंग,12 अगस्त को पारंपरिक उल्लास के साथ मनेगा हरेली तिहार

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,11अगस्त2026

छत्तीसगढ़ के प्रमुख लोकपर्व हरेली तिहार के अवसर पर,12 अगस्त को नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में विशेष आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में होने वाले इस कार्यक्रम में, छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, कृषि परंपराओं और ग्रामीण जीवन की जीवंत झलक देखने को मिलेगी।संस्कृति विभाग एवं कृषि विभाग द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा। मुख्यमंत्री निवास को पारंपरिक छत्तीसगढ़ी ग्रामीण परिवेश में सजाया जाएगा। आयोजन में गेड़ी, पारंपरिक खेल, कृषि उपकरणों की पूजा और लोक संस्कृति से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

🟠गेड़ी और पारंपरिक खेल होंगे खास आकर्षण

हरेली तिहार छत्तीसगढ़ की कृषि प्रधान संस्कृति और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक हैं। इस दिन किसान हल-नांगर और कृषि उपकरणों की पूजा कर अच्छी फसल, सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हैं। वहीं गेड़ी चढ़ने और पारंपरिक खेलों की परंपरा पर्व के उत्साह को और बढ़ाती हैं।मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में भी हरेली से जुड़ी इन पारंपरिक गतिविधियों को विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। आयोजन स्थल पर खेती-किसानी से जुड़ी पारंपरिक वस्तुओं, कृषि उपकरणों और लोक संस्कृति के प्रतीकों को प्रदर्शित किया जाएगा।

🟠नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने की पहल

हरेली तिहार के आयोजन का उद्देश्य प्रदेश की नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं, कृषि संस्कृति और ग्रामीण जीवन की विरासत से जोड़ना भी हैं। यह पर्व प्रकृति, खेती और संस्कृति के बीच छत्तीसगढ़ के गहरे संबंध को दर्शाता हैं।राज्य सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, पारंपरिक त्योहारों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन पर लगातार जोर दिया जा रहा हैं। मुख्यमंत्री निवास में होने वाला हरेली आयोजन इसी दिशा में छत्तीसगढ़ की माटी, खेती-किसानी और लोकजीवन के गौरव को सामने लाने वाला विशेष अवसर होगा।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!