संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,14अगस्त2026
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने,प्रदेशवासियों एवं देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
🟠80वें स्वतंत्रता दिवस पर वीरों के बलिदान को किया याद
राज्यपाल ने कहा,कि 15 अगस्त 2026 को भारत अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा हैं। यह राष्ट्रीय पर्व हमें उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की याद दिलाता हैं,जिनके अथक प्रयासों से देश को पराधीनता से मुक्ति मिली।उन्होंने कहा,कि महात्मा गांधी, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद सहित अनेक ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को देश हमेशा याद रखेगा। उनके संघर्ष और बलिदान ने स्वतंत्र भारत की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
🟠वीर जवानों के त्याग को किया नमन
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा,कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद भी देश की एकता,अखंडता और संप्रभुता की रक्षा में भारतीय सेना और सुरक्षा बलों के जवानों ने अदम्य साहस का परिचय दिया हैं। राष्ट्र उनके त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति सदैव कृतज्ञ रहेगा।उन्होंने कहा,कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों को याद करने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का संकल्प लेने का भी दिन हैं।
🟠युवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान की अपील
राज्यपाल ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा,कि युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा, कौशल और नवाचार को देश की प्रगति के लिए समर्पित करें। उन्होंने कहा,कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता हैं।उन्होंने प्रदेशवासियों से सामूहिक प्रयासों के साथ भारत को और अधिक सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर और गौरवशाली राष्ट्र बनाने में योगदान देने की अपील की।












